जीजा ने साले पर चाकू से किया हमला:बीच-बचाव करने आया साढू भी घायल, पारिवारिक विवाद में अटैक

जीजा ने साले पर चाकू से किया हमला:बीच-बचाव करने आया साढू भी घायल, पारिवारिक विवाद में अटैक

डूंगरपुर जिले के कुंआ थाना क्षेत्र के धनगांव गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने साले और साढू पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में साला गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बीच-बचाव करने आए साढू को भी चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, लिखतिया गांव निवासी अल्पेश डेंडोर अपनी बहन कोकिला को उसके ससुराल धनगांव लेने गया था। अल्पेश के साथ उसका दूसरा जीजा शांतिलाल भी मौजूद था। जब दोनों कोकिला को अपने साथ घर ले जाने लगे, तो कोकिला का पति दिनेश पारगी आवेश में आ गया। ताबड़तोड़ वार कर किया गंभीर घायल
पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी दिनेश ने अचानक पीछे से अपने साले अल्पेश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के वार लगने से अल्पेश लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। साले को बचाने के लिए जब दिनेश का साढू शांतिलाल आगे आया, तो आरोपी दिनेश ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे शांतिलाल भी घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तुरंत 108 एम्बुलेंस को बुलाया।
एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को कुंआ अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अल्पेश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *