चंदौली में मंगलवार की रात में तेज रफ्तार पिकअप ने आगे चल रही बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर से ट्रॉली उछलकर पलट गई और उसमें सवार दो मजदूरों की दबकर मौत हो गई। जबकि बाइक सवार महिला और उसकी चार वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को ग्रामीणों की मदद से ट्रॉली के नीचे से बाहर निकलवाया। फिर कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जबकि घायलों का सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। देखें हादसे की तस्वीरें… पानी पीने के लिए रुके थे बाइक सवार यह हादसा नौगढ़–मधुपुर मार्ग पर करीब 9.30 बजे का है। रॉबर्ट्सगंज के लोहरा गांव निवासी विजय अपनी पत्नी ममता (25) और चार वर्षीय बेटी मिठ्ठी के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान जरलहवा बस्ती के पास उन्होंने बाइक खड़ी कर पानी लेने के लिए पास की गुमटी पर रुकने का प्रयास किया। ट्रॉली में खपरैल लादकर जा रहे थे मजदूर इसी बीच तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी खड़ी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। ट्रॉली में नौगढ़ थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी नग्गू राम (60) और रामलखन (60) सवार थे, जो ट्रॉली के नीचे दब गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घायल बाइक सवार जिला अस्पताल रेफर हादसे में बाइक के पास खड़ी ममता और उनकी बेटी मिठ्ठी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को मधुपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बता दें कि ट्रैक्टर-ट्रॉली झपरी बस्ती से खपरैल लादकर डुमरिया गांव जा रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नौगढ़ थानाध्यक्ष प्रमोद यादव ने बताया कि फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।


