हरदोई में दहेज लदे पिकअप से कुचलकर भाई की मौत:बहन की विदाई के बाद सामान लोड करा रहा था, सड़क जाम कर कार्रवाई मांगी

हरदोई में दहेज लदे पिकअप से कुचलकर भाई की मौत:बहन की विदाई के बाद सामान लोड करा रहा था, सड़क जाम कर कार्रवाई मांगी

हरदोई के कछौना कोतवाली क्षेत्र के निर्मलपुर गांव में बहन की विदाई के बाद एक युवक की दहेज लदी पिकअप से कुचलकर मौत हो गई। यह घटना सोमवार सुबह हुई, जब शादी का सामान पिकअप में लादा जा रहा था। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया और गुस्साए परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। निर्मलपुर निवासी किसान कल्लू की बेटी सरला की शादी रविवार रात गौसापुर गांव से आई बरात के साथ संपन्न हुई थी। सोमवार सुबह विदाई के बाद शादी में मिले उपहार और अन्य सामान को गांव में खड़ी पिकअप में लादा जा रहा था। इसी दौरान सरला का 24 वर्षीय भाई अनूप वाहन के सामने खड़े होकर सामान चढ़वाने में मदद कर रहा था। तभी फारमखेड़ा निवासी पिकअप चालक पुष्पेंद्र ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। पिकअप सीधे सामने खड़े अनूप को कुचलती हुई एक दीवार से जा टकराई। इस हादसे में अनूप की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शादी के घर में खुशियों का माहौल तुरंत मातम में बदल गया। मृतक अनूप के भाई अमित ने चालक पुष्पेंद्र पर जानबूझकर वाहन चढ़ाने का आरोप लगाया है। अमित के अनुसार, चालक रात से ही नशे में था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रात में पिकअप बैक करते समय चालक ने बरातियों के लिए बिछाई गई चारपाइयों पर वाहन चढ़ा दिया था, जिस पर अनूप ने उसे फटकार लगाई थी। इसके बाद चालक ने सुबह देख लेने की धमकी दी थी। पोस्टमार्टम के बाद अनूप का शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने कछौना-गौसगंज मार्ग पर लगभग 20 मिनट तक जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाया और चालक के हिरासत में होने की जानकारी दी, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि मृतक के भाई अमित की तहरीर के आधार पर आरोपी चालक पुष्पेंद्र के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना में मौत का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में रखा गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *