कैथल में अब हडि्डयों का ऑपरेशन करवाने के लिए आने वाले मरीजों को महंगे दामों पर इलाज करवाने से छुटकारा मिलेगा। उन्हें प्राइवेट अस्पतालों में इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इसके लिए नागरिक अस्पताल में सीएआरम मशीन स्थापित की गई है। इस मशीन के आने से अब मरीजों को मुफ्त में ऑपरेशन की सुविधा मिलेगी। किसी दुर्घटनावश बीमारी का शिकार हुए मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों में महंगा इलाज नहीं करवाना पड़ेगा। मशीन नागरिक अस्पताल में लाई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने इसे अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में स्थापित कर दिया है। रोजाना पहुंचते हैं मरीज बता दें कि कैथल के नागरिक अस्पताल में रोजाना 25 से 30 मरीज हड्डियों से संबंधित बीमारियों के पहुंचते हैं। जिन मरीजों को दवाओं और प्लास्टर इत्यादी के जरिये ठीक किया जा सकता है, उनको पूरा इलाज अस्पताल में हो रहा है, लेकिन जिन मरीजों को समस्या गंभीर है, उनको प्राइवेट अस्पतालों में हजारों रुपए खर्च कर इलाज करवाना पड़ता है। महीने भर में करीब 20 से लेकर 25 तक ऐसे मरीज पहुंचते हैं, जिनको हडि्डयों का ऑपरेशन करवाना होता है। अब मरीज यहीं पर अपना इलाज करवा सकते हैं। ब्लड लॉस भी कम होगा इस मशीन के शुरू होने से जहां मरीजों को भारी भरकम बिल अदा करने से छुटकारा मिलेगा, वहीं मशीन के जरिये इलाज होने से मरीज को ब्लड लॉस भी कम होगा, जिससे मरीज की रिकवरी में ज्यादा समय नहीं लगेगा और उसको ऑपरेशन के बाद जल्द से जल्द छुट्टी भी मिल सकेगी। स्वास्थ्य विभाग से सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने कहा कि अस्पताल में मशीन स्थापित कर दी गई है। मरीज अस्पताल में आकर अपना इलाज करवा सकते हैं। इसके लिए ऑर्थो विशेषज्ञ और स्टाफ की व्यवस्था अस्पताल में है।


