पूर्व सीएम अशोक गहलोत के सचिन पायलट पर सियासी हमला बोलने के बाद अब सियासी वार पलटवार का दौर शुरू हो गया है। लंबे समय तक कांग्रेस में रह चुके बीजेपी नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने अशोक गहलोत पर तल्ख पलटवार किया है। प्रमोद कृष्णम ने धृष्टराष्ट्र का उदाहरण देते हुए गहलोत पर निशाना साधा। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने एक्स पर लिखा- पुत्र मोह में धृतराष्ट्र मानसिक रूप से अंधा हो गया था। सत्ता के सिंहासन के स्वार्थ में आप इतना गिर जाओगे ये कल्पना से भी परे है। गहलोत ने कहा था- 25 सितंबर की बगावत पायलट के खिलाफ थी, विधायक नहीं चाहते थे सचिन पायलट मुख्यमंत्री बने गहलोत ने रविवार को सचिन पायलट पर सियासी हमला बोलते हुए कहा था कि 25 सितंबर 2022 की बगावत सचिन पायलट के खिलाफ थी, हाईकमान के खिलाफ नहीं थी। अगर मैं बगावत करता तो हाईकमान मुझे मुख्यमंत्री रखता क्या? पायलट ने सच्चाई स्वीकार करना सीखा नहीं। उन्होंने गलती की है तो उसे स्वीकार करना चाहिए। इसलिए इश्यू आज तक बना हुआ। गहलोत ने कहा था- पायलट मेरी फॉरगेट एंड फॉरगिव की भावना को समझ जाते तो मानेसर का मुद्दा जिंदा नहीं रहता। मुझे बदनाम कर दिया कि मुख्यमंत्री रहने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष नहीं बने। मैं कांग्रस अध्यक्ष बन रहा था लेकिन बड़ी साजिश हुई। अचानक ऑब्जर्वर आ गए, तमाशा हो गया। बदनाम मैं हो गया। लोग समझते हैं कि सीएम बने रहने के लिए अध्यक्ष नहीं बना। विधायक सचिन पायलट के खिलाफ थे, 100 विधायक इकट्ठे हो गए और कहा कि पायलट मुख्यमंत्री के रूप में मंजूर नहीं है। विधायक पायलट के पास क्यों नहीं गए? ये बात पायलट को समझनी चाहिए। गहलोत के बयान के बाद अब खेमेबंदी और तेज होने के आसार, पायलट के बयान का इंतजार गहलोत के बयानों के बाद अब कांग्रेस में खेमेबंदी और तेज होने के आसार बन गए हैं। अभी सचिन पायलट की तरफ से गहलोत के बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। सचिन पायलट समर्थक विधायकों और नेताओं में से भी इस बयान पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। आगे अभी पायलट खेमे की तरफ से आने वाले बयान का इंतजार है। सचिन पायलट और उनके समर्थक नेताओं के बयानों से ही आगे इस विवाद की दिशा तय होगी। आचार्य प्रमोद के बयान की सियासी चर्चाएं आचार्य प्रमोद कांग्रेस में रहते समय भी सचिन पायलट के कट्टर समर्थक थे, उन्होंने कई बार गहलोत के खिलाफ तल्ख सियासी बयान दिए थे। अब कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में जाने के बाद भी उनका पायलट के पक्ष में बयान जारी करना सियासी चर्चा बन गया है। यह खबर भी पढ़िए… गहलोत बोले- 25 सितंबर की बगावत पायलट के खिलाफ थी:विधायक नहीं चाहते थे सचिन पायलट मुख्यमंत्री बने, अब भी इश्यू बना हुआ है पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने सचिन पायलट पर सियासी हमला बोला है। गहलोत ने कहा- 25 सितंबर 2022 की बगावत सचिन पायलट के खिलाफ थी। (पढ़िए पूरी खबर)


