सागर के शाहपुर में एक बुजुर्ग मरीज के परिजन करीब 2 घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार करते रहे। उन्होंने कई बार फोन भी किया, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। आखिर में परिजन को मरीज को लोडिंग वाहन में जिला अस्पताल ले जाना पड़ा। मरीज को ऑक्सीजन लगाकर वाहन से ले जाने का वीडियो सामने आया है। 85 वर्षीय दुली अहिरवार को 23 अक्टूबर की रात सांस लेने में तकलीफ, सीने में दर्द हुआ। परिजन उन्हें शाहपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन ने मरीज को ले जाने के लिए एंबुलेंस को कई बार फोन किया। लेकिन करीब 2 घंटे तक एंबुलेंस नहीं आई। इस दौरान परिजन ने निजी वाहन से मरीज को ले जाने की बात कही। लोडिंग वाहन में ले गए मरीज अस्पताल में मौजूद स्टाफ ने मरीज की हालत को देखते हुए लोडिंग वाहन में ऑक्सीजन सिलेंडर रखवाया। इसके बाद मरीज को ऑक्सीजन लगाकर जिला अस्पताल रवाना किया गया। सोमवार को इस घटना का वीडियो सामने आया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया। CMHO बोले- जांच के बाद कार्रवाई करेंगे सीएमएचओ डॉ. देवेश पटेरिया ने बताया कि 108 एंबुलेंस के जिला प्रभारी से रिकॉर्ड मांगा गया है। उन्होंने कहा- यदि एंबुलेंस पहुंचने में देरी हुई है, तो जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

