बलिया में सोमवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा की पहली पाली सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में लगभग 13 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। पहली पाली की परीक्षा के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों को थ्री लेयर कड़ी चेकिंग के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
इस दौरान केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी सक्रिय रहे। सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट मशीन और साइबर कैफे जैसी दुकानें बंद रहीं। परीक्षा देकर केंद्र से बाहर निकली मऊ जनपद की निवासी परीक्षार्थी सीमा पटेल ने बताया कि उनका पेपर अच्छा रहा। वहीं, रमाशंकर राजभर ने कहा कि पेपर कठिन था, लेकिन उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया।


