बांदा में बाइक चोर गिरोह पकड़ा गया:चोरी की KTM और अवैध तमंचा बरामद, गश्त के दौरान घेराबंदी कर पकड़ा

बांदा में बाइक चोर गिरोह पकड़ा गया:चोरी की KTM और अवैध तमंचा बरामद, गश्त के दौरान घेराबंदी कर पकड़ा

बांदा के अतर्रा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक KTM मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। रात में गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि सेमरिया मिर्दहा साईं मंदिर के पास दो संदिग्ध युवक एक मोटरसाइकिल के साथ खड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब उनसे पूछताछ का प्रयास किया, तो वे मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद KTM मोटरसाइकिल उन्होंने 28 मई 2026 को कानपुर नगर के रमाबाई चौराहे क्षेत्र से चोरी की थी। पकड़े जाने के डर से उन्होंने बाइक की नंबर प्लेट बदल दी थी। वे इसे किसी राहगीर को बेचने की फिराक में अतर्रा आए थे।
तलाशी के दौरान आरोपी गुरु प्रसाद के पास से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध असलहा जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार पुत्र विजय बहादुर और गुरु प्रसाद पुत्र अशोक, निवासी नगनेधी थाना अतर्रा, जनपद बांदा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना अतर्रा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में थाना चकेरी, कानपुर नगर में दर्ज चोरी के मामले की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *