बिजनौर पुलिस ने शेरकोट क्षेत्र में तीन दिन पहले हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को पकड़ लिया। इस कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो नाबालिग साथी भी हिरासत में लिए गए हैं। यह वारदात शेरकोट थाना क्षेत्र के हरेवली-अफजलगढ़ मार्ग पर हुई थी, जहां अस्पताल से लौट रहे दो बाइक सवार युवकों शिवकांत और शोहराम को बदमाशों ने रोक लिया था। आरोपियों ने तमंचे के बल पर दोनों के साथ मारपीट की और उनकी बाइक व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने शेरकोट-अफजलगढ़ मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निकुंज निवासी टांडा गोरा विक्रमपुर, थाना बाजपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह 14/15 तारीख की रात अपने साथियों के साथ लूट के इरादे से अर्टिगा कार में इलाके में घूम रहा था। सीओ अफजलगढ़ ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो बाल अपचारियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


