Jana Nayagan release date out: तमिलनाडु के नवनिर्वाचित सीएम और सुपरस्टार थलपति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ 5 महीने से ज्यादा समय से सेंसर बोर्ड की मंजूरी का इंतजार कर रही है, लेकिन अब टिकटिंग प्लेटफॉर्म पर एक नई रिलीज डेट अपडेट होने के बाद फैंस में उम्मीद जागी है।
CBFC की देरी की वजह से ये संभव नहीं हो पाया
टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म ‘डिस्ट्रिक्ट’ और ‘बुक माई शो’ पर ‘जन नायकन‘ की रिलीज डेट अब जून 2026 में अपडेट की गई है और ‘डिस्ट्रिक्ट’ पर 19 जून की तारीख दिखाई दे रही है। हालांकि, अभी तक निर्माता KVN प्रोडक्शंस की ओर से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। इतना ही नहीं, प्रोड्यूसर वेंकट के नारायण ने शुक्रवार शाम एक मंदिर में दर्शन के बाद प्रेस से कहा कि वे CBFC सर्टिफिकेट का इंतजार कर रहे हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि सर्टिफिकेट जल्द मिलेगा और उसके बाद रिलीज डेट की घोषणा भी की जाएगी। साथ ही, उन्होंने ये भी कहा कि फिल्म को पूरी दुनिया में बड़े पैमाने पर रिलीज किया जाएगा।
बता दें, इससे पहले फिल्म ‘जन नायकन’ 9 जनवरी 2026 को रिलीज होने वाली थी लेकिन CBFC की देरी की वजह से ये संभव नहीं हो पाया। दिसंबर 2025 में जब फिल्म को CBFC की जांच कमेटी के सामने पेश किया गया तो उन्होंने कई कट्स का सुझाव दिया। निर्माताओं ने बदलाव करके फिल्म फिर से जमा की लेकिन कुछ सीन पर शिकायतें आने के बाद इसे रिवाइजिंग कमेटी के पास भेज दिया गया जिससे और देरी हुई।
इस मामले में अब तक 9 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं
अप्रैल में फिल्म ‘जन नायकन’ के कई सीन ऑनलाइन लीक हो गए और पूरी फिल्म का HD प्रिंट पायरेसी साइट्स पर अपलोड हो गया। इस मामले में अब तक 9 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। विजय ने इस देरी को “साजिश” बताते हुए तत्कालीन सत्तारूढ़ दलों पर आरोप लगाया था। उन्होंने ये भी कहा कि चुनाव से पहले उनकी प्राइवेट लाइफ की खबरें जानबूझकर लीक कराई गईं।
एच विनोथ के निर्देशन में बनी ‘जन नायकन’ में विजय के साथ पूजा हेगड़े, ममिता बैजू और बॉबी देओल भी लीड रोल में हैं। ये विजय की एक्टिंग के रूप में आखिरी फिल्म मानी जा रही है क्योंकि वो अब पूरी तरह राजनीति में हैं।





