म्यांमार के शान राज्य में रविवार दोपहर एक छोटे से गांव में इतना जोरदार धमाका हुआ कि पूरा इलाका दहल गया। धमाके में 55 लोग मारे गए, जिनमें 25 महिलाएं और 30 पुरुष शामिल हैं।
इसमें कई लोग घायल भी हुए हैं। वहीं, सैकड़ों परिवार बेघर हो गए। बचावकर्मी अब भी मलबे में फंसे शवों को निकालने और किसी संभावित बचे हुए व्यक्ति की तलाश में जुटे हैं।
गांव में मचा कोहराम
कौंग तात गांव नामखाम टाउनशिप में स्थित है, जो चीन की सीमा के पास है। धमाका दोपहर करीब 12 बजे हुआ। विस्फोट की इतनी तेज आवाज आई कि आसपास के कई घर पूरी तरह ढह गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, 100 से ज्यादा घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। कुछ घर तो पूरी तरह मलबे का ढेर बन गए। लोग चीखते-चिल्लाते सड़कों पर निकल आए। महिलाएं और बच्चे रोते हुए अपने परिजनों को ढूंढ रहे थे।
विद्रोही गुट का बयान
इस इलाके पर तांग नेशनल लिबरेशन आर्मी (TNLA) का कब्जा है। इस संगठन की राजनीतिक शाखा पालॉन्ग स्टेट लिबरेशन फ्रंट ने टेलीग्राम पर बयान जारी कर कहा कि धमाका खनन के लिए रखे गए सामान के गलती से फटने से हुआ। संगठन ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है।
बयाना में कहा गया- जिन परिवारों ने अपने सदस्यों को खोया, जो घायल हुए और जिनके घर तबाह हुए, उनके प्रति हम अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। संगठन ने जांच शुरू कर दी है और कहा है कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को छोड़ा नहीं जाएगा।
बचाव कार्य जारी
घटना के तुरंत बाद स्थानीय टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। पूरे दिन और शाम तक मलबा हटाने का काम चलता रहा। कई शव मलबे के नीचे दब गए थे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
प्रभावित परिवारों को तत्काल मदद पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। बता दें कि भूमिशान राज्य लंबे समय से म्यांमार की सैन्य सरकार के खिलाफ विद्रोही गुटों के संघर्ष का केंद्र रहा है। TNLA भी इसी संघर्ष में शामिल है। इस घटना से इलाके में पहले से मौजूद तनाव और बढ़ गया है। लोग अब सुरक्षा और मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
क्यों गांव में रखी गई थी विस्फोटक सामग्री?
अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि विस्फोटक सामग्री इतनी बड़ी मात्रा में गांव में क्यों रखी गई थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी। फिलहाल गांव में शोक का माहौल है। परिवार अपने प्रियजनों के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे हैं।





– At least 55 people, including children, were killed and about 70 others injured in a massive explosion Sunday at a gelignite explosives warehouse in Kaungtup village, northeastern Myanmar.
The Informant (@theinformant_x)