Bharatpur News : मानसिक तनाव में थी सरकारी शिक्षिका! पीहर के स्टोर रूम में की आत्महत्या

Bharatpur News : मानसिक तनाव में थी सरकारी शिक्षिका! पीहर के स्टोर रूम में की आत्महत्या

Bharatpur News : भरतपुर जिले के बयाना शहर के आदर्श नगर क्षेत्र में एक सरकारी शिक्षिका द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार 37 वर्षीय रश्मि मीणा दहगांव के एक सरकारी विद्यालय में अध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने अपने पीहर स्थित घर की छत पर बने स्टोर रूम में साड़ी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के समय उनकी मां घर पर ही मौजूद थीं। मां के अनुसार रश्मि हाल ही में अपने ससुराल से मायके आई थीं और पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थीं। उनका इलाज भी चल रहा था, जिससे उनकी स्थिति को लेकर परिवार चिंतित था।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे को सुरक्षित कर दिया और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है, ताकि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा सके।

मृतका के पति, पिता और भाई को सूचना दे दी गई, जिसके बाद वे जयपुर से बयाना पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *