बकरीद से पहले जालौन में प्रशासन अलर्ट:डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च, खुले में नमाज-कुर्बानी पर सख्ती

बकरीद से पहले जालौन में प्रशासन अलर्ट:डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च, खुले में नमाज-कुर्बानी पर सख्ती

बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार शाम को जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने उरई शहर में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने उरई कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पैदल गश्त कर हालात का निरीक्षण किया। प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक पोस्ट न करने की अपील भी की गई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनपद में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी गई है, ताकि किसी भी अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वाले पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने जनता से प्रशासन का सहयोग करने और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आग्रह किया। फ्लैग मार्च के दौरान डीएम और एसपी ने धर्मगुरुओं एवं स्थानीय लोगों से संवाद भी किया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खुले स्थानों, सार्वजनिक मार्गों अथवा सड़क किनारे किसी भी प्रकार की कुर्बानी नहीं की जाएगी। इसके अतिरिक्त, प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि सार्वजनिक स्थानों और रास्तों पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सक्रियता के चलते शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *