बार्सिलोना ने स्पेनिश फुटबॉल लीग ‘ला लीगा’ का खिताब फिर जीत लिया। रविवार को एल क्लासिको में टीम ने रियल मैड्रिड को 2-0 से हराया। इस जीत के साथ बार्सिलोना ने सीजन के तीन मैच बाकी रहते अपनी 29वीं ला लीगा ट्रॉफी पक्की कर ली। मैच में मार्कस रशफोर्ड और फेरान टोरेस ने गोल किए। जीत के बाद बार्सिलोना और रियल मैड्रिड के बीच अंकों का अंतर 14 हो गया, जिसे पार करना रियल मैड्रिड के लिए नामुमकिन है। यह मुकाबला बार्सिलोना के घरेलू मैदान कैंप नाउ पर खेला गया। भावुक हुए खिलाड़ी: हेड कोच के पिता को समर्पित की जीत मैच के दौरान बार्सिलोना के खिलाड़ियों ने भावुक संदेश दिया। गोल करने के बाद मार्कस रशफोर्ड और फेरान टोरेस हेड कोच हंसी फ्लिक के पास गए और उन्हें गले लगाया। कोच फ्लिक के पिता का पिछले वीकेंड निधन हुआ था। खिलाड़ियों ने जीत और गोल को कोच और उनके परिवार को समर्पित किया। रशफोर्ड का जादू: फ्री-किक से शुरुआत, भविष्य पर सस्पेंस मैच की शुरुआत में मैनचेस्टर यूनाइटेड से लोन पर आए मार्कस रशफोर्ड ने शानदार फ्री-किक से बार्सिलोना को बढ़त दिलाई। यह इस सीजन का उनका 14वां गोल था। हालांकि, बार्सिलोना उन्हें 28 मिलियन पाउंड (करीब ₹300 करोड़) में परमानेंट खरीदेगा या नहीं, इस पर सस्पेंस बना हुआ है। मैच के बाद रशफोर्ड ने कहा,’मैं कोई जादूगर नहीं हूं, लेकिन अगर होता तो बार्सिलोना में ही रुक जाता। देखते हैं भविष्य में क्या होता है।’ होम ग्राउंड पर अजेय रही बार्सिलोना, 18 में 18 मैच जीते इस सीजन में बार्सिलोना ने घरेलू मैदान ‘कैम्प नोऊ’ में खेले सभी 18 मुकाबले जीते हैं। टीम पिछले 11 मैचों से अजेय है और लीग के सभी 35 मैचों में गोल करने का रिकॉर्ड भी बनाया है। बार्सिलोना अब सबसे ज्यादा 36 ला लीगा खिताब जीतने वाली रियल मैड्रिड से 7 खिताब पीछे है। रियल मैड्रिड की मुश्किल बढ़ी: ड्रेसिंग रूम विवाद और खराब फॉर्म
दूसरी ओर, रियल मैड्रिड के लिए यह हार दर्दनाक रही। कोच अल्वारो अर्बेलोआ के मार्गदर्शन में टीम संघर्ष करती नजर आई। टीम के अंदरूनी हालात भी ठीक नहीं हैं। मैच से कुछ दिन पहले ऑरेलियन टचौमेनी और फेडेरिको वाल्वरडे के बीच बहस हुई थी। इसमें वाल्वरडे को चोट लगी और वे मैच नहीं खेल पाए। पूरे 90 मिनट में रियल मैड्रिड केवल एक शॉट टारगेट पर मार सकी।
बार्सिलोना ने 29वां ला लीगा खिताब जीता:रियल मैड्रिड को 2-0 से हराया; मार्कस रशफोर्ड और फेरान टोरेस ने गोल किए


