‘ट्रंप से परेशान है बांग्लादेशी भैंसा, छोड़ दिया खाना’, भारी तनाव के बीच ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति का उड़ाया मजाक

‘ट्रंप से परेशान है बांग्लादेशी भैंसा, छोड़ दिया खाना’, भारी तनाव के बीच ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति का उड़ाया मजाक

Trump Buffalo Viral MEME: अमेरिका और ईरान के बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मजाक उड़ाया है। सोशल मीडिया पर बांग्लादेश के एक सफेद अल्बिनो भैंसे का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग ट्रंप का हमशक्ल बता रहे हैं।

ईरान ने इसी वायरल वीडियो को शेयर करते हुए ट्रंप पर तंज कसा। रूस में ईरान के आधिकारिक X अकाउंट से पोस्ट किया गया- “बेचारा बांग्लादेशी भैंसा डोनाल्ड ट्रंप से तुलना किए जाने से परेशान है। उसने खाना छोड़ दिया है, उसे भूख नहीं लग रही है।”

पोस्ट में रूसी मीडिया RT की रिपोर्ट भी शेयर की गई। रिपोर्ट में दावा किया गया कि ट्रंप जैसा दिखने वाले इस भैंसे को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है, जिसके बाद उसने खाना कम कर दिया है।

भैंसे का वीडियो इंटरनेट पर धड़ल्ले से वायरल

बता दें डोनाल्ड ट्रंप के हमशक्ल से वायरल हुआ यह भैंसा बांग्लादेश के नारायणगंज जिले का है, जो राजधानी ढाका के पास स्थित है। ईद-उल-अजहा से पहले यह लोगों के बीच काफी चर्चा में आ गया है। करीब 700 किलो वजन वाले इस सफेद एल्बिनो भैंसे का सुनहरा रंग और चेहरे की बनावट देखकर कई लोगों ने इसकी तुलना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से की।

एक व्यक्ति ने स्थानीय मीडिया से कहा, “जब मैंने फेसबुक पर इसकी तस्वीर देखी, तो यह बिल्कुल ट्रंप जैसा लगा। इसका चेहरा और बालों का स्टाइल भी उनसे मिलता है।”

बता दें ईद-उल-अजहा के मौके पर बांग्लादेश में ऐसे जानवरों की कुर्बानी दी जाती है। वहीं भैंसे की देखभाल करने वाले जियाउद्दीन ने बताया कि इंटरनेट पर वायरल होने के बाद हर दिन बड़ी संख्या में लोग इसे देखने और इसके साथ फोटो खिंचवाने फार्म पर पहुंच रहे हैं।

दोनों देशों के बीच बढ़ता तनाव

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में अमेरिका और इजरायल ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर हमला किया था, जिसके बाद दोनों देशों के बीच ड्रोन और मिसाइल हमले तेज हो गए। कई हफ्तों तक चले तनाव के बाद अप्रैल में संघर्ष विराम हुआ, लेकिन रिश्तों में अब भी कड़वाहट बनी हुई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक कर ईरान के खिलाफ आगे की रणनीति पर चर्चा की। वहीं पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर और कतर के प्रतिनिधि भी तनाव कम कराने के लिए तेहरान पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *