गोरखपुर में टली बंदी:प्रशासन-व्यापारी बैठक में गोलघर ट्रैफिक पर सहमति, 100 ई-रिक्शा को मंजूरी

गोरखपुर में टली बंदी:प्रशासन-व्यापारी बैठक में गोलघर ट्रैफिक पर सहमति, 100 ई-रिक्शा को मंजूरी

गोरखपुर में प्रस्तावित बंदी की खबर के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और व्यापारियों से सीधे बातचीत की पहल की गई। इसी क्रम में एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव ने व्यापार मंडल अध्यक्ष नितिन कुमार जायसवाल से संपर्क कर पुलिस लाइन में बैठक आयोजित कराई, जिसमें अधिकारियों और व्यापारियों के बीच विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में अपर नगर आयुक्त अमित कुमार और एडीएम (एलआर) की मौजूदगी में व्यापारियों की समस्याओं को सुना गया। चर्चा के दौरान अधिकांश मुद्दों पर सहमति बनी और प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर की व्यवस्था और व्यापार दोनों के संतुलन को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिए जाएंगे। गोलघर में सीमित ई-रिक्शा को अनुमति गोलघर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को देखते हुए 100 ई-रिक्शा को अस्थायी रूप से संचालन की अनुमति देने पर सहमति बनी। इसके साथ ही अयोध्या की तर्ज पर इलेक्ट्रॉनिक गोल्फ कार्ट चलाने की योजना भी बनाई गई है। अधिकारियों ने बताया कि इस व्यवस्था के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग को नियंत्रित करने के लिए व्हाइट लाइन के अंदर ही वाहनों को खड़ा करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए अपर नगर आयुक्त और एसपी ट्रैफिक अपनी टीम के साथ क्षेत्र का निरीक्षण कर पार्किंग जोन चिन्हित करेंगे और उसी के अनुसार लाइन खींची जाएगी। साथ ही प्रवर्तन दल और ट्रैफिक पुलिस के व्यवहार को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। लाउडस्पीकर की आवाज और चटोरी गली पर जल्द फैसला ट्रैफिक अनाउंसमेंट सिस्टम में स्पीकर की आवाज को और नियंत्रित करने की बात कही गई, ताकि अनावश्यक शोर से लोगों को परेशानी न हो। वहीं चटोरी गली में दोपहिया वाहनों के संचालन को लेकर भी जल्द निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया। बैठक में नितिन कुमार जायसवाल, आकाश जालान, अनूप किशोर अग्रवाल, अमित टिबरेवाल, मनीष सिंह, अभिषेक जायसवाल, धवल दुबे और समीर राय सहित कई व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने अपने सुझाव और समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *