बालाघाट जिले के लालबर्रा स्थित शासकीय गोदाम परिसर में विधायक अनुभा मुंजारे ने गेहूं खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। किसानों से मिली शिकायतों के बाद विधायक ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान किसानों ने बारदाने की कमी के कारण घंटों इंतजार करने की समस्या बताई। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ने अनियमितताओं पर बनाया पंचनामा विधायक के साथ पहुंचे कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुनील किरार ने केंद्र पर गंभीर लापरवाही पाई। बारदाना पंजी में रिकॉर्ड का संधारण नहीं किया गया था और गेहूं के रख-रखाव में भी अव्यवस्था मिली। इन अनियमितताओं पर अधिकारी ने मौके पर ही पंचनामा तैयार किया और मामले को कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत करने की बात कही। नागरिक आपूर्ति निगम ने अधिक खरीदी को बताया कारण बारदान की समस्या पर नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंधक हरीश कोरी ने कहा कि उम्मीद से अधिक गेहूं खरीदी होने के कारण स्टॉक कम पड़ा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही नए बारदाने उपलब्ध करा दिए जाएंगे। वर्तमान में जिले के 13 केंद्रों पर समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की प्रक्रिया चल रही है। भीषण गर्मी में किसानों को इंतजार कराना प्रशासन की विफलता विधायक अनुभा मुंजारे ने केंद्र पर अव्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए और फोन पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से बारदाने की तत्काल आपूर्ति के संबंध में चर्चा की। विधायक ने कहा कि भीषण गर्मी में किसानों को इंतजार कराना प्रशासन की विफलता है। देखें तस्वीरें…


