मंडी में शनिवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त से मुलाकात की और प्रदेश में लव जिहाद, लैंड जिहाद और जबरन धर्मांतरण के कथित मामलों पर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीसी अपूर्व देवगन को सौंपा। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संयोजक चंदन ठाकुर ने इस दौरान कहा कि इन मामलों को लेकर समाज में गहरी चिंता है और इन पर सख्त कार्रवाई आवश्यक है। ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें उठाई गईं। पहली मांग में ‘लव जिहाद’ से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। हिंदू लड़कियों के शोषण मामलों में कार्रवाई की मांग दूसरी मांग में ‘हिंदू कन्याओं के शोषण’ के मामलों का जिक्र करते हुए ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की गई। तीसरी मांग में ‘आतंकी कनेक्शन’ जैसे मामलों की गहन जांच और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल तत्वों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने लैंड जिहाद और अवैध कब्जों पर सख्ती से रोक लगाने, शैक्षणिक संस्थानों व सार्वजनिक स्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा युवाओं को जागरूक करने की जरूरत पर भी जोर दिया। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आश्वासन दिया कि सभी मांगों को संबंधित उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखी और प्रशासन से जल्द प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद जताई।


