दिंवगत अभिनेता इरफान खान के बेटे बाबिल खान एक बार फिर काम पर लौट आए हैं। पिछले काफी समय से वह कैमरे की दुनिया से दूर थे। दरअसल, बाबिल मानसिक तनाव से जूझ रहे थे, जिसकी वजह से उन्होंने शूटिंग से दूरी बना ली थी। इस दौरान उन्होंने बॉलीवुड इंडस्ट्री को लेकर कुछ कड़े बयान भी दिए थे, लेकिन अब एक साल के लंबे ब्रेक के बाद वह अपने नए प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिए तैयार हैं।
फैंस के लिए भावुक संदेश
बाबिल ने सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें वह मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपनी वापसी की खबर देते हुए फैंस के लिए एक इमोशनल नोट भी लिखा। बाबिल ने कहा कि वह अपने फैंस के प्यार की बहुत कदर करते हैं और उनके लिए कड़ी मेहनत करना चाहते हैं।
बाबिल खान ने लिखा, ‘मैं अपने काम के दूसरे शेड्यूल की शुरुआत कर रहा हूं। मैं बस आपको बताना चाहता हूं कि मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं और आपका साथ मेरे लिए बहुत कीमती है। मैं जी-जान लगाकर मेहनत करूंगा ताकि स्क्रीन पर मुझे देखना आपके लिए यादगार रहे। उम्मीद है कि जल्द ही हम स्क्रीन पर मिलेंगे।’
इसे भी पढ़ें: Khatron Ke Khiladi 15 | दक्षिण अफ्रीका में शुरू होगा ‘डर का नया दौर! गौरव खन्ना, रुबीना दिलाइक समेत इन 13 सितारों ने कसी कमर
‘कला’ से शुरू हुआ था सफर
बाबिल ने साल 2022 में फिल्म ‘कला’ के जरिए एक्टिंग की शुरुआत की थी। इसके बाद नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘द रेलवे मेन’ में भी उनके काम को काफी पसंद किया गया। हालांकि, उनका नया प्रोजेक्ट क्या है, इसकी जानकारी उन्होंने अभी गुप्त रखी है। कुछ समय पहले बाबिल तब चर्चा में आए थे जब उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को ‘फेक’ बताते हुए अपना एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह काफी भावुक नजर आ रहे थे। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया से भी दूरी बना ली थी, लेकिन अब उनकी मुस्कुराहट ने फैंस को राहत दी है।


