शिवपुरी में शनिवार को आई तेज आंधी अब जानलेवा साबित हुई है। आंधी के दौरान मलबा गिरने से गंभीर रूप से घायल हुए एक ऑटो चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान पुरानी शिवपुरी निवासी 50 वर्षीय रहीस खान के रूप में हुई है। शनिवार दोपहर आई तेज आंधी ने शहर में भारी तबाही मचाई थी, जिसमें रहीस खान भी चपेट में आ गए। होर्डिंग के साथ ईंट-पत्थर गिरे
जानकारी के अनुसार, रहीस खान शनिवार दोपहर अपने ऑटो से नवग्रह मंदिर के पास थीम रोड से गुजर रहे थे। तेज आंधी को देखते हुए उन्होंने एहतियात के तौर पर मंदिर के सामने अपना ऑटो खड़ा कर दिया और जनता एग्रो एजेंसी के पास खड़े हो गए। इसी दौरान एजेंसी की छत पर लगा होर्डिंग और ईंट-पत्थर अचानक गिर गए। इसकी चपेट में आने से रहीस खान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, रहीस खान के सिर में गंभीर चोट आई थी और उनकी पसलियां भी टूट गई थीं। हालत नाजुक होने के कारण शनिवार रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मामले में मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।


