बागपत के अहेड़ा गांव में शीशम काटने का प्रयास:ग्रामीणों के विरोध पर आरोपी फरार, वन विभाग से की शिकायत

बागपत के अहेड़ा गांव में शीशम काटने का प्रयास:ग्रामीणों के विरोध पर आरोपी फरार, वन विभाग से की शिकायत

बागपत के अहेड़ा गांव में अवैध रूप से शीशम का पेड़ काटने का प्रयास किया गया। कोतवाली बागपत क्षेत्र के निकट खेत में खड़े हरे-भरे शीशम के पेड़ को निशाना बनाया गया था। ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिलते ही उन्होंने मौके पर पहुंचकर विरोध किया, जिसके बाद कथित लकड़ी माफिया मौके से फरार हो गए। हरचंदपुर गांव के पूर्व प्रधान इकबाल ने बताया कि यह कटाई बिना किसी अनुमति के की जा रही थी, जो पूरी तरह से गैरकानूनी है। उन्होंने इस मामले की शिकायत वन विभाग के डीएफओ से की है। इकबाल ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कटान की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों पर सख्ती से रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त की है कि यदि इन गतिविधियों पर समय रहते लगाम नहीं लगाई गई, तो क्षेत्र की हरियाली समाप्त हो सकती है। वन विभाग के अधिकारियों विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और वे लगातार प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *