फिरोजाबाद के थाना मक्खनपुर क्षेत्र के अरमरा जाट गांव में एक महिला से छेड़छाड़ के विरोध में हुए हमले के बाद पीड़ित परिवार बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। परिवार ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ युवक उसकी पत्नी से आए दिन छेड़छाड़ और अभद्रता करते थे। इसका विरोध करने पर सोमवार रात कुछ लोगों ने पीड़ित और उसके भाई पर लोहे की सरिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया था, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बुधवार को पीड़ित की पत्नी और परिवार की अन्य महिलाएं घायल परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि घटना के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार को लगातार धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि थाना स्तर पर उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हो रही है। पीड़ित परिवार ने एसएसपी से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घटना को लेकर गांव में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


