राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर बोले अशोक गहलोत, कहा- ‘आधा हिस्सा जनता को वापस करो’

राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर बोले अशोक गहलोत, कहा- ‘आधा हिस्सा जनता को वापस करो’

जयपुर। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ईंधन के दामों में लगातार वृद्धि से केंद्र के साथ-साथ राज्य सरकारों को भी अतिरिक्त फायदा मिल रहा है। ऐसे में सरकार को इस लाभ का कम से कम आधा हिस्सा जनता को वापस देना चाहिए, ताकि लोगों को महंगाई से राहत मिल सके।

मीडिया से बातचीत के दौरान गहलोत ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जितना लाभ केंद्र सरकार को मिलता है, उसी अनुपात में राज्यों के वैट संग्रह में भी बढ़ोतरी होती है। राज्य सरकार का राजस्व बढ़ रहा है, लेकिन इस पहलू पर कोई चर्चा नहीं हो रही।

अशोक गहलोत का ट्वीट :

गहलोत ने ईंधन का दाम कम करने का बताया तरीका

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सरकार अतिरिक्त आय का आधा हिस्सा भी जनता को लौटाए, तो पेट्रोल-डीजल के दामों में कुछ कमी लाई जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वास्तविक स्थिति बताने के बजाय अलग तस्वीर पेश कर रही है।

जनता को विश्वास में लेना जरूरी- गहलोत

अंतरराष्ट्रीय हालातों का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि यदि दुनिया में युद्ध या अन्य वैश्विक परिस्थितियों के कारण ईंधन कीमतों पर असर पड़ रहा है, तो सरकार को देश की जनता को सच्चाई बतानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को विश्वास में लेना जरूरी है।

विपक्ष को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप

इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का भी उल्लेख किया। अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी लगातार विभिन्न मुद्दों पर सरकार को आगाह करते रहे हैं। नोटबंदी से लेकर कोविड काल तक उन्होंने समय-समय पर अपनी राय रखी और कई मामलों में पहले ही चेतावनी दी थी। गहलोत ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की भूमिका लोकतंत्र में बेहद महत्वपूर्ण होती है और उनकी बातों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। लोकतंत्र तभी मजबूत होता है, जब पक्ष और विपक्ष दोनों अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

पेट्रोलियम डीलर्स ने दी हड़ताल की चेतावनी

दूसरी ओर, राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने भी अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार और तेल कंपनियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 1 जून से प्रदेशभर के पेट्रोल पंप संचालक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं।

सीएनजी के भी बढ़े दाम

वहीं जयपुर में सीएनजी की कीमतों में 1.59 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी के बाद नई कीमत 96 रुपये प्रति किलो हो गई है। प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल पहले ही 110 से 114 रुपये प्रति लीटर के आसपास बिक रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *