हरियाणा के नूंह जिले के लघु सचिवालय स्थित जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) कार्यालय में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे सीएम फ्लाइंग की टीम ने अचानक छापा मारा। टीम के पहुंचते ही कार्यालय में कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, सीएम फ्लाइंग की टीम कार्यालय में मौजूद फाइलों, रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। साथ ही कर्मचारियों की उपस्थिति का भी सत्यापन किया गया। टीम ने उपस्थिति रजिस्टर और कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों का मिलान कर अनुपस्थित कर्मचारियों की जानकारी जुटाई। 10 बजे तक कार्यालय नहीं पहुंचे डीटीपी सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान विभागीय कार्यप्रणाली, लंबित मामलों और विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी लेकर रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है। छापेमारी के दौरान यह भी सामने आया कि जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) अधिकारी बिनेश कुमार सुबह 10 बजे तक कार्यालय नहीं पहुंचे थे। हालांकि, उनकी अनुपस्थिति के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही टीम फिलहाल सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई जारी है और टीम कार्यालय के दस्तावेजों व रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है। अभी तक किसी प्रकार की अनियमितता या कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई के बाद विभाग में हलचल तेज हो गई है और पूरे जिले की नजर जांच के नतीजों पर बनी हुई है।


