Archana Puran Singh son Ayushmaan loses Rs 87,000: फेमस एक्ट्रेस और कॉमेडी क्वीन अर्चना पूरन सिंह अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। वह अपने दोनों बेटों बहू और पति परमीत के साथ यूट्यूब चैनल भी चलाती है, जिसमें फैमिली के रोजमर्रा की चीजें दिखाई जाती हैं। अब उन्हें लेकर एक बड़ी खबर आ रही है। हंसी-मजाक के बीच उन पर एक छोटी सी मुसीबत आ गई है। अर्चना और परमीत सेठी के छोटे बेटे आयुष्मान सेठी एक बड़ी ठगी का शिकार हो गए है। इस ठगी में आयुष्मान के खाते से लगभग 87,000 रुपये साफ हो गए। दिलचस्प बात यह है कि इस गंभीर घटना का खुलासा अर्चना के बड़े बेटे आर्यमन सेठी ने अपने यूट्यूब व्लॉग पर किया है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और परिवार के मजेदार अंदाज पर हंस भी रहे हैं।
अर्चना पूरन सिंह के बेटे बने शिकार (Archana Puran Singh son Ayushmaan loses Rs 87000 in credit card scam)
व्लॉग में दिखाया गया है कि आयुष्मान काफी घबराए हुए हैं और अपने माता-पिता को बता रहे हैं कि उनके क्रेडिट कार्ड से बिना अनुमति के 87,000 रुपये कट गए हैं। आयुष्मान ने बताया कि उन्होंने किसी वेबसाइट पर सात दिनों के ‘फ्री ट्रायल’ के लिए साइन-अप किया था। नियम के मुताबिक पैसे सातवें दिन के बाद कटने चाहिए थे, लेकिन कंपनी ने चालाकी दिखाते हुए एक घंटे के अंदर ही पूरे साल की फीस एक साथ काट ली।
जब आयुष्मान ने यह बात घर वालों को बताई, तो अर्चना फौरन टेंशन में आ गईं और चिल्लाते हुए कहा, “फौरन कार्ड ब्लॉक करो और कंपनी को फोन लगाओ।” वहीं परमीत सेठी ने थोड़ा शांत रहते हुए सलाह दी कि कार्ड रद्द करने के बजाय ‘पेमेंट’ कैंसिल करने का ऑप्शन ढूंढो।

छोटे बेटे आयुष्मान के बैंक से उड़े 87 हजार (Archana Puran Singh Son Credit card scam)
हैरानी की बात तो यह है कि आयुष्मान के साथ ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। बड़े भाई आर्यमन ने व्लॉग में मजाक उड़ाते हुए बताया कि आयुष्मान अब ठगों के ‘रेगुलर कस्टमर’ बन चुके हैं। इससे पहले भी एक बार उनके प्लेस्टेशन अकाउंट से करीब 80,000 रुपये उड़ गए थे, जो कभी वापस नहीं मिले। यानी अब तक आयुष्मान ऑनलाइन धोखाधड़ी में करीब 1.67 लाख रुपये गंवा चुके हैं।

धोखाधड़ी के बाद वीडियो गेम में बिजी हुए आयुष्मान (Aryamann recalls losing Rs 80,000 earlier)
व्लॉग का सबसे मजेदार हिस्सा वह था जब इतनी बड़ी रकम कटने के बाद भी आयुष्मान शांति से वीडियो गेम खेल रहे थे। जब आर्यमन ने उनसे पूछा कि क्या वह रो रहे हैं, तो उन्होंने कहा, “नहीं, मैंने कंप्लेंट कर दी है और उन्होंने 48 घंटे का समय मांगा है, अब मैं और क्या कर सकता हूं?” इस पर पूरे परिवार की हंसी छूट गई। परमीत सेठी ने चुटकी लेते हुए कहा कि तुम हमेशा बहुत जल्दबाजी में रहते हो, इसलिए ऐसा होता है।
यह घटना उन सभी लोगों के लिए एक सबक है जो अनजान वेबसाइट्स पर ‘फ्री ट्रायल’ के लालच में अपनी कार्ड डिटेल्स डाल देते हैं। भले ही अर्चना का परिवार इस पर हंस रहा हो, लेकिन ऑनलाइन ठगी का यह तरीका आजकल काफी आम हो गया है। आयुष्मान अब इस मामले को खुद सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि इंटरनेट पर फैंस इस ‘फनी’ लेकिन ‘महंगे’ व्लॉग को खूब देख रहे हैं।


