अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगारपरक कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नेहा सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को ओ-लेवल और सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना का लाभ केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा जिनके माता-पिता या अभिभावकों की वार्षिक आय सभी स्रोतों से एक लाख रुपये तक है। यह प्रशिक्षण भारत सरकार की संस्था नीलिट (राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण प्रदान करने की इच्छुक संस्थाएं 20 मई से 3 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। वहीं, प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून से 10 जुलाई 2026 तक विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता मानदंड, दिशा-निर्देश और आवेदन प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट backwardwelfareup.gov.in तथा obccomputertraining.upsdc.gov.in पर उपलब्ध है। ऑनलाइन आवेदन के बाद, संस्थाओं को आवेदन पत्र की हस्ताक्षरित हार्डकॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित 3 जून 2026 की शाम 5 बजे तक जमा करनी होगी। अभ्यर्थियों को यह हार्डकॉपी 10 जुलाई 2026 की शाम 5 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, कानपुर देहात में जमा करनी होगी। संस्थाओं का चयन निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जाएगा। जबकि, अभ्यर्थियों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय समिति द्वारा किया जाएगा।


