अमेठी में आईपीएल की तर्ज पर अमेठी प्रीमियर लीग (एपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस सांसद किशोरीलाल शर्मा ने गौरीगंज के एक निजी होटल में इसकी औपचारिक घोषणा की। यह प्रतियोगिता 15 से 25 जून तक डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में होगी, जिसमें जिले की 6 टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें अमेठी और आसपास के जिलों के खिलाड़ी भी शामिल होंगे। टूर्नामेंट के सभी मैच डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की नीलामी पहले ही हो चुकी है। सांसद किशोरीलाल शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की छुपी हुई क्रिकेट प्रतिभाओं को बड़ा मंच प्रदान करना है। एपीएल के माध्यम से गांव-देहात के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। टूर्नामेंट में जिले के विभिन्न ब्लॉकों और क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली कुल 6 टीमें भाग लेंगी। फाइनल मुकाबला 25 जून को खेला जाएगा। आयोजक राजेश तिवारी ने जानकारी दी कि यह पूरी प्रतियोगिता देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी को समर्पित होगी। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी का अमेठी से गहरा नाता रहा है और खेलों को बढ़ावा देने में उनका विशेष योगदान था। एपीएल को लेकर जिले के युवा खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। चयन प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है। आयोजकों का दावा है कि यह टूर्नामेंट अमेठी में क्रिकेट का नया माहौल तैयार करेगा और कई प्रतिभावान खिलाड़ी यहां से निकलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। यह प्रतियोगिता जिले में पहली बार आयोजित हो रही है।


