MI के बल्लेबाजों पर ढाया अंशुल कंबोज ने कहर, डेथ ओवर के बन गए सबसे खतरनाक गेंदबाज

MI के बल्लेबाजों पर ढाया अंशुल कंबोज ने कहर,  डेथ ओवर के बन गए सबसे खतरनाक गेंदबाज

Chennai Super Kings vs Mumbai Indians: आईपीएल 2026 के मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 159 रन बनाकर 160 का लक्ष्य रखा। 

IPL 2026 CSK vs MI Update: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 44वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स के सामने जीत के लिए 160 रन का लक्ष्य रखा है। पहले 10 ओवर में 90 रन बनाने वाली हार्दिक पंड्या एंड कंपनी अगले 10 ओवर में 69 रन ही बना पाई और 5 विकेट गंवा दिए। एमए चिदंबरम स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी एमआई ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 159 रन बनाए। टीम के लिए नमन धीर ने सबसे ज्यादा 57 रन की पारी खेली, तो सीएसके की ओर से अंशुल कंबोज ने 3 और नूर अहमद ने 2 विकेट चटकाए।

डेथ ओवर्स के सबसे खतरनाक गेंदबाज

अंशुल कंबोज ने इस मुकाबले में सबसे पहले सलामी बल्लेबाज विल जैक्स को आउट किया और फिर कप्तान हार्दिक पंड्या और रॉबिन मिंज को पवेलियन भेजा। इन तीन विकेटों की मदद से वह आईपीएल 2026 के डेथ ओवर्स (16-20) में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने अब तक 16 से 20 ओवर के बीच में 10 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 4 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

इस मुकाबले में हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। विल जैक्स और रयान रिकल्टन ने पारी की शुरुआत की और मैच की 8वीं गेंद पर MI का पहला झटका लग गया। अंशुल ने विल जैक्स को 1 रन के स्कोर पर चलता दिया। इसके बाद नमन धीर ने रयान रिकेल्टन के साथ दूसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 58 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। रिकेल्टन ने 24 गेंदों में 5 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। इसके बाद नमन ने सूर्यकुमार यादव के साथ तीसरे विकेट के लिए 24 गेंदों में 40 रन जोड़कर टीम को 99 के स्कोर तक पहुंचाया।

सूर्यकुमार यादव 12 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान हार्दिक पंड्या ने मोर्चा संभालने की कोशिश की। उन्होंने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को 150 के पार पहुंचाया, लेकिन खुद 23 गेंदों में 18 रन ही बना सके। नमन धीर ने 37 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 57 रन की शानदार पारी खेली। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से अंशुल कंबोज ने 32 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि नूर अहमद ने 2 विकेट हासिल किए। रामकृष्ण घोष और जेमी ओवरटन को 1-1 विकेट मिला। चेन्नई सुपर किंग्स 8 में से 3 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में सातवें पायदान पर है। वहीं, मुंबई इंडियंस 8 में से 6 मैच हारकर 9वें स्थान पर मौजूद है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *