A new political movement of K. Annamalai : भाजपा में हां… ना.. की अटकलों को विराम देते हुए पूर्व तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलै ने शुक्रवार को एक नई राजनीतिक पहल ‘वी द लीडर्स’ की शुरुआत कर दी। अन्नामलै ने घोषणा की कि यह आंदोलन भविष्य में एक राजनीतिक दल में परिवर्तित होगा, जिसकी तैयारी के लिए कार्यकर्ता प्रशिक्षण और संगठन विस्तार पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में भाग लेगी। इससे पहले केंद्रीय भाजपा की ओर से उनका त्यागपत्र मंजूर कर लिया गया।
अपने सोशल मीडिया हैंडल से ऑनलाइन मुखातिब हुए अन्नामलै ने आंदोलन से जुड़ने के इच्छुक लोगों से वीदलीडर्स से जुड़ने की अपील की। इसी के साथ उन्होंने एपीजे अब्दुल कलाम सेंटर फॉर एथिक्स एंड पॉलिटिक्स की स्थापना की घोषणा की, जो सार्वजनिक जीवन और चुनावी राजनीति में नेतृत्व की आकांक्षा रखने वालों को प्रशिक्षित करेगा।
प्रशिक्षण के बाद उतारेंगे चुनाव में
उन्होंने बताया कि इस केंद्र से प्रशिक्षित लोगों को स्थानीय निकाय चुनावों में उतारा जाएगा। हालांकि, आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर उन्होंने कोई स्पष्ट योजना नहीं बताई।
अन्नामलै ने आंदोलन की विचारधारा स्पष्ट करते हुए कहा, “जब भारत एक विकसित राष्ट्र बनेगा, तब तमिलनाडु का शीर्ष पर रहना जरूरी है। इसके लिए हमें राजनीति की भाषा और व्याकरण बदलनी होगी।” उन्होंने कहा कि तमिल और भारतीय पहचान के बीच अनावश्यक टकराव पैदा किया गया है, जबकि दोनों एक साथ रह सकते हैं। उन्होंने स्वयं को “गौरवान्वित तमिल और भारतीय” बताया।
नेतृत्व पद स्थाई नहीं होने चाहिए
व्यक्तित्व पूजा और परिवारवाद की आलोचना करते हुए अन्नामलै ने कहा कि नेतृत्व के पद स्थायी नहीं होने चाहिए और चुने हुए प्रतिनिधियों के लिए कार्यकाल सीमा होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “एपीजे अब्दुल कलाम हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। उनकी विचारधारा हमारे लिए मार्गदर्शक है। वे एक गौरवान्वित तमिल और राष्ट्रीय पहचान वाले व्यक्ति थे।”
अन्नामलै ने कहा कि इस आंदोलन का उद्देश्य साफ, ईमानदार और प्रभावी राजनीति को बढ़ावा देना है तथा तमिलनाडु के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने बताया कि केंद्र में अन्य वैचारिक दृष्टिकोणों पर भी चर्चा और मंथन किया जाएगा। यह आंदोलन सभी वर्गों, विशेष रूप से तकनीकी विशेषज्ञों, को सार्वजनिक जीवन में योगदान के लिए प्रोत्साहित करेगा।
Gen Z और Gen Alpha पर फोकस
उन्होंने कहा, “हमें एक ऐसा आंदोलन बनाना है जो व्यक्तियों और पीढ़ियों से आगे स्थाई बना रहे।” उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव के माध्यम से घोषणा करने के पीछे युवाओं को राजनीति से जोड़ने की मंशा बताई कि वे बदलाव के लिए उत्सुक हैं। एक ओर हमें जेन जेड और जेन अल्फा की गति को ऊर्जा देनी है, वहीं बुजुर्गों को गरिमा के साथ जीवन जीने के लिए आवश्यक सुविधाएं दिलानी हैं।”
भाजपा अब एक अन्य पार्टी की तरह
भाजपा से संबंधों पर अन्नामलै ने कहा कि अब वे भाजपा को राज्य की अन्य पार्टियों की तरह ही देखेंगे। “हम सिर्फ विरोध के लिए विरोध नहीं करेंगे। केवल तमिलनाडु के हितों के खिलाफ होने पर विरोध करेंगे।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि उन्होंने पिछले दिसंबर में ही भाजपा नेतृत्व को पार्टी छोड़ने की सूचना दे दी थी।
रजनीकांत ने भी दिया था बुलावा
अन्नामलै ने अभिनेता रजनीकांत के साथ संबंधों की अटकलों पर सफाई दी कि रजनीकांत ने उनके अगस्त 2020 में भाजपा जॉइन करने से पहले बात की थी। “सुपरस्टार ने मुझे अपनी पार्टी में शामिल होने के लिए कहा था, लेकिन मैंने भाजपा के संगठन मंत्री बी ल संतोष से किया वादा निभाया।” अन्नामलै ने अंत में समर्थकों से धैर्य रखने की अपील की और कहा कि आंदोलन को दीर्घकालिक और मजबूत बनाना उनका उद्देश्य है।



