फतेहपुर में भीषण गर्मी के बीच जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। शुक्रवार को किशनपुर थाना क्षेत्र के पहोरा और सरौली गांव के बीच स्थित जंगल में भीषण आग लग गई, जिसमें करीब 4 बीघा वन क्षेत्र जलकर खाक हो गया। जिले में इन दिनों तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे अज्ञात कारणों से जंगल में आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया। आग की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर और पेड़ों की टहनियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया जा सका। आगजनी की इस घटना में जंगल के पेड़-पौधे और वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता के कारण आग को आबादी वाले क्षेत्रों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।


