खंडवा के बोरगांव चौकी क्षेत्र में हुए मारपीट मामले में नया मोड़ सामने आया है। केस में नामजद खिराला गांव निवासी कलीम उर्फ कल्लू ने एसपी को आवेदन देकर खुद को निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। कलीम का आरोप है कि व्यक्तिगत रंजिश और पुलिस की कथित मिलीभगत के चलते उसे झूठे मामले में फंसाया गया। उसने दावा किया कि 16 मई की रात घटना के समय वह घटनास्थल पर नहीं, बल्कि खिराला से करीब 5 किमी दूर एक होटल में मौजूद था। उसके मुताबिक होटल के CCTV फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल उसकी बेगुनाही साबित कर सकते हैं। आवेदन में तत्कालीन बोरगांव चौकी प्रभारी व वर्तमान देशगांव चौकी प्रभारी रामप्रकाश यादव पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कलीम ने कहा कि घटना के बाद रामप्रकाश यादव आरोपी पक्ष के व्यक्ति रईस से अस्पताल में मिलने पहुंचे थे, जिससे निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। इधर, रामप्रकाश यादव ने कहा कि रईस उनका परिचित है, इसलिए अस्पताल में मिलने गए थे। वहीं बोरगांव चौकी प्रभारी अविनाश भोपले का कहना है कि एफआईआर फरियादी के बयान के आधार पर दर्ज की गई है और मामले की जांच जारी है।


