पाकिस्तान में युद्ध विराम ( Ceasefire) समझौते के लिए ईरान से होने वाली दूसरे चरण की वार्ता से पहले अमेरिका ने बड़ी चेतावनी दी है। अमेरिका ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले जहाजों पर अब भी बड़ा खतरा बना हुआ है, हालांकि सीमित स्तर पर आवाजाही जारी है। अमेरिका की तरफ से कहा गया कि ईरान की हरकतों की वजह से होर्मुज स्ट्रेट में खतरा बढ़ गया है।
होर्मुज स्ट्रेट का रास्ता पहले से ज्यादा खतरनाक
अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन के सेक्रेटरी ऑफ वॉर पीट हेगसेथ ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) के रास्ते से जहाज अभी भी गुजर रहे हैं, लेकिन हालात पहले से ज्यादा खतरनाक हो गए हैं। होर्मुज स्ट्रेट से सीमित स्तर पर आवाजाही जारी है। हेगसेथ ने पेंटागन में हुई एक ब्रीफिंग में कहा- यातायात हो रहा है, लेकिन यह उतना नहीं है जितना लोग चाहते हैं और इसमें पहले से ज्यादा जोखिम है।
ईरान की वजह से होर्मुज स्ट्रेट में खतरा बढ़ा
हेगसेथ ने कहा कि यह खतरा ईरान की गतिविधियों की वजह से बढ़ा है। जिसमें तेज रफ्तार वाली छोटी नावों का इस्तेमाल और व्यापारिक जहाजों को धमकाना शामिल है। ये सिर्फ कमर्शियल जहाज हैं, इन्हें धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने संभावित खतरों के खिलाफ सख्त जवाबी कार्रवाई की अनुमति दी है। खासकर अगर समुद्र में नौसैनिक बारूदी सुरंगें बिछाई जाती हैं तो अमेरिका सेना कार्रवाई करेगी। हेगसेथ ने कहा कि अगर ईरान पानी में माइन्स बिछाता है तो हम बिना हिचकिचाहट के उन्हें नष्ट कर देंगे।
होर्मुज स्ट्रेट के खतरों के निपटने के लिए अमेरिकी सेना की कोशिश जारी
अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने बताया कि उनकी सेना होर्मुज स्ट्रेट के खतरों पर नजर रखने और उन्हें रोकने की कोशिश कर रही है। ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन ने कहा कि ईरान पहले भी इस क्षेत्र में व्यापारी जहाजों पर हमला कर चुका है। ईरान ने पांच व्यापारी जहाजों पर हमला किया है और उनमें से दो को जब्त भी किया है।
पेंटागन ने बताया कि अमेरिकी नौसेना ईरान से जुड़े बंदरगाहों वाले जहाजों पर सख्त रोक बनाए हुए है, जबकि बाकी जहाजों को नियंत्रित हालात में गुजरने दिया जा रहा है। अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन के सेक्रेटरी ऑफ वॉर पीट हेगसेथ ने कहा कि इस कार्रवाई से आगे और हमलों की कोशिशें रुक गई हैं। उन्होंने कहा कि इससे एक साफ संदेश गया है कि यह कोई दिखावटी नाकाबंदी नहीं है।


