ईरान के बाद क्यूबा पर फोकस करेगा अमेरिका, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सख्त रुख के दिए संकेत

ईरान के बाद क्यूबा पर फोकस करेगा अमेरिका, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सख्त रुख के दिए संकेत

Trump’s statement on Cuba: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एकबार फिर क्यूबा पर निशाना साधा है। ट्रंप ने कहा कि क्यूबा एक विफल देश है। हम ईरान के मुद्दों को सुलझाने के बाद क्यूबा पर फोकस करेंगे। ट्रंप ने कहा कि क्यूबा की परेशानियां इसलिए बढ़ गई है, क्योंकि कि वेनेजुएला में बदलाव आया है।

क्यूबा आर्थिक संकट से जूझ रहा

ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो लगातार क्यूबा को आर्थिक और ऊर्जा मदद देते आ रहे थे। वेनेजुएला इसलिए कर पा रहा था क्योंकि उसके पास असीमित ऊर्जा भंडार है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि क्यूबा आर्थिक संकट से जूझ रहा है और उसके पास खुद को संभालने के लिए जरूरी संसाधनों की कमी है।

उन्होंने कहा कि देश भूख से जूझ रहा है। उसके पास ऊर्जा नहीं है, तेल नहीं है, पैसा नहीं है, कुछ भी नहीं है। हालांकि उसके पास बहुत अच्छी जमीन है। जब उनसे पूछा गया कि क्या हालिया प्रतिबंधों का उद्देश्य क्यूबा सरकार के पतन को तेज करना है, तो ट्रंप ने कहा कि उनका मकसद कुछ और है।उन्होंने कहा कि नहीं, हम सिर्फ चाहते हैं कि यह ऐसा देश बने जो अपने लोगों का पेट भर सके और अच्छी तरह चलाया जा सके।

वेनेजुएलाई मदद के भरोसे क्यूबा चलता रहा

ट्रंप ने कहा कि क्यूबा लंबे समय तक वेनेजुएला की मदद से चलता रहा, लेकिन अब हालात बदल गए हैं। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला उन्हें जिंदा रहने के लिए पैसा देता था। अब वह पैसा, आप कह सकते हैं, हमारी तरफ आ रहा है और वेनेजुएला की ओर जा रहा है। जब डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या क्यूबा पतन के करीब है, तो ट्रंप ने संकेत दिया कि वहां की आर्थिक और राजनीतिक व्यवस्था पहले से ही गंभीर संकट में है। उन्होंने कहा कि यह लगभग ढह चुका है। और हम इसे जल्द ही संभालेंगे।

क्यूबा में निवेश की है योजना

राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका-क्यूबा संबंधों के भविष्य को लेकर भी अपनी सोच बताई। उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन ऐसे हालात बनाना चाहता है, जिससे क्यूबा मूल के अमेरिकी अपने रिश्तेदारों से दोबारा जुड़ सकें और वहां निवेश कर सकें। ट्रंप ने कहा कि हम क्यूबा के साथ अच्छा व्यवहार करेंगे। हम अपने लोगों को वहां वापस जाने देंगे और अगर वे चाहें तो क्यूबा में निवेश भी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि क्यूबा के लिए हमारे पास कुछ बहुत अच्छी योजनाएं हैं।

क्यूबा मूल के 95 फीसदी लोगों ने मुझे वोट दिया

ट्रंप ने फ्लोरिडा में रहने वाले क्यूबा मूल के अमेरिकियों के बीच अपने मजबूत राजनीतिक समर्थन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 95 प्रतिशत क्यूबा के लोगों ने यहां मुझे वोट दिया। वे अद्भुत लोग हैं। उनमें ऊर्जा है और वे उद्यमी हैं। बता दें कि हाल के वर्षों में क्यूबा की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हुई है। ईंधन की कमी, बिजली कटौती, महंगाई और सरकारी आय में गिरावट ने संकट को और गहरा किया है। बेहतर अवसरों की तलाश में बड़ी संख्या में क्यूबाई नागरिक विदेश भी जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *