होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका ने साधा ईरान पर निशाना, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने लगाया ‘आर्थिक आतंकवाद’ का आरोप

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका ने साधा ईरान पर निशाना, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने लगाया ‘आर्थिक आतंकवाद’ का आरोप

US Iran Tensions: पाकिस्तान में ईरान के साथ बातचीत विफल होने के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज में नाकेबंदी का ऐलान कर दिया। इसके बाद उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान पर निशाना साधा है। उन्होंने ईरान पर आर्थिक आतंकवाद का आरोप लगाया है। फॉक्स न्यूज़ से बातचीत में वेंस ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिखा दिया है कि इस खेल को दोनों तरफ से खेला जा सकता है।

वेंस ने दी चेतावनी

उपराष्ट्रपति वेंस ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान आर्थिक आतंकवाद करेगा, तो अमेरिका भी यही सिद्धांत अपनाएगा कि कोई भी ईरानी जहाज़ बाहर नहीं निकल पाएगा।

ईरान के पाले में है गेंद- वेंस

पाकिस्तान में बातचीत बेनतीजा रहने के बाद उपराष्ट्रपति वेंस ने कहा कि ईरान के साथ युद्धविराम वार्ता में काफी प्रगति हुई है, लेकिन अब गेंद ईरान के पाले में है। उन्होंने कहा कि ईरान को नरमी दिखाते हुए अमेरिका की प्रमुख शर्तें माननी होंगी, जिनमें उसके संवर्धित यूरेनियम पर अमेरिकी नियंत्रण और यह सुनिश्चित करने के लिए सत्यापन प्रणाली शामिल है कि वह परमाणु हथियार विकसित न करे।

अमेरिकी नाकेबंदी लागू

संयुक्त राज्य अमेरिका ने ईरान के बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी शुरू कर दी है। इसके बाद एक बार फिर दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। हालांकि इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि होर्मुज जलडमरूमध्य में प्रतिबंधित क्षेत्र के पास आने वाले किसी भी ईरानी अटैक शिप को नष्ट कर दिया जाएगा।

अमेरिकी सेना के अनुसार, यह नाकेबंदी सोमवार से लागू हो गई है। यह ईरान के सभी खाड़ी बंदरगाहों पर लागू होगी, हालांकि जो जहाज ईरान से जुड़े नहीं हैं, उन्हें होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति रहेगी।

ट्रंप की चेतावनी

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान की कोई भी फास्ट अटैक बोट नाकेबंदी के करीब आती है, तो उसे तुरंत खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि युद्ध के दौरान ईरान की नौसेना का बड़ा हिस्सा पहले ही नष्ट किया जा चुका है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि रविवार को 34 जहाज़ इस जलडमरूमध्य से गुजरे, जो युद्ध शुरू होने के बाद सबसे अधिक संख्या है, हालांकि इस आंकड़े की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *