सुल्तानपुर में राशन, गैस वितरण में भ्रष्टाचार के आरोप:बहुजन अधिकार सेना ने किया प्रदर्शन, मुख्यमंत्री से उच्च स्तरीय जांच की मांग की

सुल्तानपुर में राशन, गैस वितरण में भ्रष्टाचार के आरोप:बहुजन अधिकार सेना ने किया प्रदर्शन, मुख्यमंत्री से उच्च स्तरीय जांच की मांग की

सुल्तानपुर जनपद में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) और घरेलू गैस आपूर्ति में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ बहुजन अधिकार सेना ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के राष्ट्रीय प्रमुख सचिव, एडवोकेट तिलकधारी गौतम ने गुरुवार को मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन संबंधित विभाग को सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जिले में पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न नहीं मिल रहा है। वितरण अभिलेखों और वास्तविक आपूर्ति में बड़ा अंतर सामने आया है। इसके साथ ही, घरेलू गैस सिलेंडर के वितरण में निर्धारित दर से अधिक पैसे वसूलने की भी व्यापक शिकायतें मिली हैं। बहुजन अधिकार सेना ने प्रशासन से जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश कुमार मौर्य और संबंधित पूर्ति निरीक्षकों की चल-अचल संपत्ति की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। संगठन ने इस पूरे मामले की जांच राज्य विजिलेंस या किसी स्वतंत्र और निष्पक्ष एजेंसी से कराने की अपील की है। संगठन ने यह भी मांग की है कि जांच अवधि के दौरान संबंधित अधिकारियों को उनके वर्तमान पदों से हटाया जाए। इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और गैस आपूर्ति व्यवस्था का विशेष ऑडिट और भौतिक सत्यापन कराया जाए। बहुजन अधिकार सेना ने दोष सिद्ध होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग की है। एडवोकेट तिलकधारी गौतम ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अपनी सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारी जिम्मेदार होंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *