Ajmer Crime: महिला के ब्लाइंड मर्डर का 6 घंटे में खुलासा, आरोपी युवक और लड़की डिटेन

Ajmer Crime: महिला के ब्लाइंड मर्डर का 6 घंटे में खुलासा, आरोपी युवक और लड़की डिटेन

अजमेर। जिले के एक गांव में महिला के ब्लाइंड मर्डर के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। ज्वार के खेत में आपत्तिजनक हालत में देखकर टोकने पर आरोपी और उसकी नाबालिग साथी ने बदनामी के डर से महिला की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 वर्षीय मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि वारदात में शामिल एक नाबालिग बालिका को निरुद्ध किया है।

कुएं में मिला था महिला का शव

घटनाक्रम के अनुसार गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक कुएं में महिला का शव दिख रहा है। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान गांव की ही 38 वर्षीय महिला के रूप में हुई। मृतका के गले पर ओढ़नी का फंदा कसने और सिर पर चोट के निशान मिलने से मामला हत्या का प्रतीत हुआ।

मेडिकल बोर्ड से कराए गए पोस्टमार्टम में डॉक्टरों ने गला घोंटने से मौत की पुष्टि की। इसके बाद मृतका के पति की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

ऐसे खुला वारदात का राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए अजमेर रेंज आईजी डॉ. रवि, एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला और एएसपी ग्रामीण लालचंद कायल के निर्देश पर सीओ किशनगढ़ आयुष वशिष्ठ के सुपरविजन में थानाधिकारी राजमल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। एफएसएल और एमओबी टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने जब आसपास के खेतों में काम करने वाले लोगों से पूछताछ की, तो स्थानीय निवासी एक युवक घबरा गया और मनगढ़ंत कहानियां गढ़ने लगा। गहनता से निरीक्षण करने पर पुलिस की नजर उसके गले पर बने झपट्टे (खरोंच) के निशानों पर पड़ी। सही जवाब न दे पाने पर जब मनोवैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

बदनामी के डर से की हत्या, शव कुएं में फेंका

पूछताछ में सामने आया कि बुधवार 2 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे आरोपी बाड़े के पास अपने ज्वार के खेत में एक पूर्व परिचित नाबालिग बालिका के साथ आपत्तिजनक हालत में मौजूद था। इसी दौरान पास के खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर गुजर रही महिला ने उन्हें इस स्थिति में देख लिया और डांट-डपट की।

बदनामी होने के डर से दोनों ने मिलकर ज्वार के खेत में ही महिला की ओढ़नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने बालिका को घर भेज दिया और अंधेरा होने पर शव को पास के कुएं में फेंक दिया। खुद को निर्दोष साबित करने के लिए शातिर आरोपी दिनभर परिजनों के साथ मिलकर मृतका की तलाश करने का नाटक करता रहा।

यह वीडियो भी देखें :

हालांकि शव मिलने के बाद पकड़े जाने के डर से वह गांव छोड़कर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से कानून के शिकंजे में आ गया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से अग्रिम अनुसंधान कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *