Sabarmati Murder: शहर के साबरमती क्षेत्र में 1600 रुपए बकाया होने पर भी उधारी में पान मसाला मांगने को लेकर हुए विवाद में एक पान पार्लर संचालक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) डीवी राणा ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात करीब 8.30 बजे साबरमती रेलवे स्टेशन के सामने हुई। यहां धरमनगर लक्ष्मणजी की चाली निवासी राजेश ठाकोर (50) महाकाली पान पार्लर (पान की दुकान) चलाते थे। वे सुबह पान की दुकान पर मौजूद थे।
चाकू से राजेश के पेट में वार
इसी दौरान अक्सर पूर्व में उधारी पर पान मसाला ले जाने वाला धरमनगर महुडावाली चाली निवासी अनिल ठाकोर (45) वहां आया। उसने उधारी में पान मसाला मांगा, जिसे देने से राजेशभाई ने इनकार कर दिया। उस समय तो वह वहां से चला गया, लेकिन रात करीब सवा आठ बजे वह फिर से आया।
उधारी के 1600 रुपए न चुकाने और फिर से उधारी में पान मसाला मांगने पर राजेश के इनकार करने की बात को लेकर अनिल ने झगड़ा शुरू कर दिया। बहस के दौरान आरोपी ने चाकू से राजेश के पेट में एक वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान राजेश का बेटा भी मौजूद था। आरोपी ने राजेश के बेटे रोहन को भी जान से मारने की धमकी भी दी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल राजेश को इलाज के लिए पंचशील अस्पताल में भर्ती कराया गया। राजेश के दर्ज बयानों के आधार पर साबरमती पुलिस ने 30 सितंबर को ही मामला दर्ज कर लिया। जरूरी सबूत जुटाते हुए आरोपी अनिल ठाकोर को गुरुवार शाम को गिरफ्तार भी कर लिया। इस बीच अस्पताल में उपचाराधीन राजेश ने शुक्रवार दम तोड़ दिया।
हत्या की धारा भी जोड़ी
एसीपी ने बताया कि राजेश की मौत हो जाने के चलते पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1) हत्या की धारा भी जोड़ी है। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और साबरमती पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। एसीपी राणा ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास है। इसके विरुद्ध साबरमती थाने में ही 2009 और 2020 में दो मामले दर्ज हो चुके हैं। आरोपी खुद को ट्रक ड्राइवर बताता है।

