अहमदाबाद। रूठकर मायके गई पत्नी को घर वापस लेने पहुंचे पति की शुक्रवार रात हत्या का मामला सामने आया है। इस मामले में शनिवार को पुलिस ने दो आरोपियों रचित और करण को गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य आरोपी रजत उर्फ अज्जू और चंदन फरार हैं। अमराईवाड़ी पुलिस के अनुसार बलियादेव मंदिर के पास मेट्रो पिलर नंबर 51 के पास शुक्रवार रात करीब सवा आठ बजे यह वारदात हुई। पति-पत्नी के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी। इससे नाराज होकर पत्नी श्वाति करीब तीन महीने पहले मायके चली गई थी।
दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई
शुक्रवार रात पति रणजीत उसे मनाकर वापस घर ले जाने के लिए अपने भाइयों और रिश्तेदारों के साथ अमराईवाड़ी स्थित बलियादेव मंदिर के पास ससुराल पहुंचा। वहां दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई, लेकिन बात बनने के बजाय विवाद बढ़ गया। इसके बाद रणजीत अपने भाई और रिश्तेदारों के साथ वहां से बाहर निकलकर जाने लगा। आरोप है कि इसी दौरान रणजीत का अपनी पत्नी के भाई रजत उर्फ अज्जू, दूसरे भाई रचित, श्वाति के मामा करण और दूसरे मामा के बेटे चंदन से विवाद हो गया।
इलाज के दौरान मौत
रणजीत जब घर के बाहर से मेट्रो पिलर नंबर 51 के पास से गुजर रहा था, तभी रचित और रजत ने उस पर चाकू से एक के बाद एक वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे रणजीत के रिश्तेदार अमरजीत को भी चाकू लग गया। हमले के बाद रणजीत के साथ मौजूद लोग वहां से दूर हो गए। गंभीर रूप से घायल रणजीत को उपचार के लिए एलजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस मामले में अमराईवाड़ी पुलिस ने रणजीत के भाई करण (20) की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है।
सगाई टूटने से नाराज थी पत्नी
इलाके के एसीपी कृणाल देसाई ने संवाददाताओं को बताया कि जांच में सामने आया है कि रणजीत के भाई की सगाई आरोपियों के चाचा की बेटी से हुई थी। बाद में यह सगाई टूट गई। इससे नाराज होकर रणजीत की पत्नी मायके चली गई थी। एसीपी के अनुसार शुक्रवार रात दोनों पक्ष बातचीत के लिए एकत्र हुए थे। इस दौरान विवाद बढ़ गया और रणजीत की हत्या कर दी गई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में विवाद की वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

