रीवा में दीपावली से पहले वेतन और बोनस के भुगतान की मांग को लेकर सोमवार को आउटसोर्स कर्मचारियों ने श्रम विभाग में धरना दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी कर अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। मध्यप्रदेश राज्य आउटसोर्स कर्मचारी संघ की रीवा इकाई ने श्रम पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दीपावली से पहले कर्मचारियों को वेतन और बोनस का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की। संघ का कहना है कि जिले के विभिन्न शासकीय विभागों, कार्यालयों, निगम-मंडलों, प्राधिकरणों, शासकीय अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों में बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी काम कर रहे हैं। इसके बावजूद त्योहार से पहले वेतन और बोनस के भुगतान को लेकर कर्मचारियों में अनिश्चितता बनी हुई है। निर्धारित समय पर वेतन देने की मांग शिवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि श्रम कानूनों के तहत कर्मचारियों को निर्धारित समय पर वेतन मिलना उनका कानूनी अधिकार है। उन्होंने कहा कि बोनस भुगतान अधिनियम, 1965 के तहत पात्र आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमानुसार बोनस दिया जाना अनिवार्य है। इसके बावजूद कई कर्मचारियों को समय पर भुगतान नहीं मिल पाता। संघ ने मांग की है कि जिले के सभी शासकीय कार्यालयों और आउटसोर्स एजेंसियों को निर्देशित किया जाए कि दीपावली से पहले कर्मचारियों के वेतन और बोनस का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करें। भुगतान में देरी करने वाली ठेका एजेंसियों और संबंधित नियोजकों के खिलाफ श्रम कानूनों के तहत कार्रवाई की जाए। 22 सितंबर को भी दिया था ज्ञापन संघ के मुताबिक, कर्मचारियों की मांगों को लेकर 22 सितंबर 2026 को भी ज्ञापन दिया गया था। इसके बावजूद मांग पूरी नहीं होने पर कर्मचारियों ने सोमवार को श्रम विभाग में धरना देकर विरोध जताया।

