Ahmedabad. शहर के वटवा स्थित राजाराम विद्याविहार स्कूल के संचालक एवं प्राचार्य को शहर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) पूर्व की ओर से शुक्रवार को नोटिस जारी किया गया है। स्कूल में फीस के विवाद के चलते कक्षा-5 की एक छात्रा को प्रथम परीक्षा में बैठने से रोकने की कथित धमकी दिए जाने की शिकायत को देखते हुए यह नोटिस जारी किया है। अभिभावक ने 22 अक्टूबर को ईमेल के जरिए डीईओ कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल के प्राचार्य और संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर लिखित जवाब तलब किया है।अभिभावक के तहत उनकी बेटी स्कूल में कक्षा-5 में अध्ययन करती है। वह पढ़ाई में काफी होशियार है। हर साल स्कूल में प्रथम क्रम से उत्तीर्ण होती है।
आर्थिक तंगी के कारण पूर्व में फीस भरने में विलंब हुआ था, जिसके चलते छात्रा को स्कूल में आने से रोका गया। उसे घर पर ही बैठे रहने की स्थिति उत्पन्न कर दी गई थी। इसके बाद, अभिभावक ने 21 अक्टूबर को बस की बकाया फीस के रूप में 9,600 रुपए स्कूल में जमा करा दिए थे। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन द्वारा आगामी तीन महीने की स्कूल फीस तत्काल जमा करने का दबाव बनाया गया। साथ ही यह धमकी भी दी गई कि यदि फीस नहीं भरी गई, तो 22 अक्टूबर से शुरू होने वाली प्रथम परीक्षा में छात्रा को बैठने नहीं दिया जाएगा।
छात्रों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर
अहमदाबाद शहर डीईओ (पूर्व) रोहित चौधरी ने कहा कि उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लिया है। स्कूल को नोटिस जारी किया है। फीस वसूली और छात्रा के शैक्षणिक हित के बीच उचित संतुलन होना चाहिए ताकि किसी भी बच्चे के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो। छात्रा को नियमों के तहत परीक्षा में शामिल होने का पूरा अवसर दिया जाए।

