डीएम के गोद लिए गांव में खबर के बाद रोशनी:सात दिनों से अंधेरे में डूबा हुआ गांव 7 घंटे में हुआ जगमग, बिजली विभाग पर उठे सवाल

डीएम के गोद लिए गांव में खबर के बाद रोशनी:सात दिनों से अंधेरे में डूबा हुआ गांव 7 घंटे में हुआ जगमग, बिजली विभाग पर उठे सवाल

कानपुर देहात के आदर्श ग्राम मड़वाई में सात दिनों से जारी बिजली संकट दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद समाप्त हो गया। जिलाधिकारी द्वारा गोद लिए गए इस गांव में खबर प्रसारित होने के लगभग सात घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। अकबरपुर क्षेत्र के मड़वाई गांव में पिछले सात दिनों से बिजली आपूर्ति ठप थी। ग्रामीणों का आरोप था कि आंधी के कारण टूटे बिजली के तारों को बदलने के लिए उन्होंने कई बार शिकायतें कीं, लेकिन बिजली विभाग के अधिकारियों ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से गांव में पेयजल संकट गहरा गया था। मोबाइल चार्जिंग, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन के सामान्य कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे थे। ग्रामीणों ने संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) पर शिकायतों को गंभीरता से न लेने और अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया था। आपको बता दे मड़वाई वही गांव है जिसे जिलाधिकारी ने गोद लिया हुआ है। इसके बावजूद एक सप्ताह तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से प्रशासनिक व्यवस्थाओं और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे थे। दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन और बिजली विभाग तुरंत हरकत में आया। खबर सामने आने के लगभग सात घंटे के भीतर विभागीय टीम गांव पहुंची और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। बिजली आने से ग्रामीणों ने राहत तो महसूस की है, लेकिन उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान कर दिया जाता तो उन्हें इतने दिनों तक परेशानी नहीं झेलनी पड़ती। अब ग्रामीण इस लापरवाही के लिए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *