Chittorgarh: करोड़ों के काम में घपला देख बिफरे मंत्री गौतम दक, बोले-घटिया निर्माण अभी तोड़ो

Chittorgarh: करोड़ों के काम में घपला देख बिफरे मंत्री गौतम दक, बोले-घटिया निर्माण अभी तोड़ो

Dam Construction Scam: राजस्थान पत्रिका की धारदार पत्रकारिता और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का बड़ा असर देखने को मिला। चित्तौड़गढ़ में ‘ललित सागर बांध के काम में लापरवाही’ शीर्षक से बुधवार के अंक में प्रकाशित समाचार ने प्रशासन से लेकर सरकार तक में हड़कंप मच गया। खबर का संज्ञान लेते हुए सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक एक्शन मोड में नजर आए और दोपहर में सीधे ललित सागर बांध एवं सूर्यसागर तालाब के निर्माण स्थल पर जा पहुंचे।

गुणवत्ता पर समझौता नहीं, मौके पर ही फटकार

निरीक्षण के दौरान बांध की दीवार और निर्माणाधीन ढांचों में गुणवत्ता की भारी कमी देख मंत्री गौतम दक का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर मौजूद कनिष्ठ अभियंता और ठेकेदार को आड़े हाथों लेते हुए स्पष्ट किया कि सरकारी धन का उपयोग विकास के लिए होना चाहिए, न कि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ने के लिए। उन्होंने दो टूक आदेश दिए कि जितना भी घटिया निर्माण हुआ है, उसे तत्काल तोड़कर उच्च गुणवत्ता के साथ फिर से काम शुरू करें।

पर्यटन की नींव कमजोर, तो सैलानी कैसे आएंगे?

निरीक्षण के दौरान एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि ठेकेदार ने जनप्रतिनिधियों को यह कहकर गुमराह करने की कोशिश की थी कि पानी रोकना इस कार्य का हिस्सा नहीं है। इस पर मंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि जब बांध में पानी ही नहीं ठहरेगा और लीकेज की समस्या बनी रहेगी, तो करोड़ों रुपये खर्च करने का क्या औचित्य? उन्होंने कहा, पर्यटक यहां पानी और प्राकृतिक सौंदर्य देखने आएंगे। अगर पानी रोकने और लीकेज की समस्या का समाधान ही पहली प्राथमिकता नहीं होगी, तो पर्यटन केंद्र का सपना अधूरा रह जाएगा।

4.50 करोड़ से बदलेगी बड़ीसादड़ी की सूरत

मंत्री गौतम दक ने बताया कि चित्तौड़गढ़ क्षेत्र को पर्यटन के नक्शे पर लाने के लिए राज्य सरकार गंभीर है। ललित सागर बांध के कायाकल्प के लिए 2.24 करोड़ और सूर्यसागर तालाब के विकास के लिए 2.26 करोड़ रुपए की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और स्थानीय अधिकारियों को ताकीद की कि इन विकास कार्यों की निगरानी रखना सिर्फ मंत्री की नहीं, बल्कि सबकी साझा जिम्मेदारी है। कार्य पूर्ण होने के बाद बड़ीसादड़ी न केवल एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बनेगा, बल्कि स्थानीय रोजगार को भी नई गति मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा, तहसीलदार पंकज कलसुआ, भाजपा नगर अध्यक्ष धनपाल मेहता, अधिशाषी अधिकारी मदनलाल सालवी, कनिष्ठ अभियंता संदीप भावसार, राकेश मेहता, अधिशाषी अधिकारी मदनलाल सालवी सुधांशु बाजपेई, सुरेश सुथार, नवीन सोनवा सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *