कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के धोकलपुर गांव में शुक्रवार शाम घरेलू विवाद के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान पंकज कुरील (42) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पंकज ने कथित तौर पर कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया। बताया जा रहा है कि उसे शराब की लत थी और इसी बात को लेकर उसकी पत्नी रेशमा से अक्सर विवाद होता रहता था। शुक्रवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने आवेश में यह कदम उठा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत भीतरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हैलट अस्पताल रेफर किया गया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों (दो बेटे, तीन बेटियां) को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ सेवन का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


