पाली के बांगड़ कॉलेज में अप्रेंटिसशिप आधारित पाठ्यक्रम बी.कॉम (BFSI – बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एवं इंश्योरेंस) में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। बांगड़ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. महेन्द्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि यह पाठ्यक्रम युवाओं को रोजगार उन्मुख शिक्षा देने करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है, जिससे उन्हें प्रशिक्षण के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें। यह तीन वर्षीय पाठ्यक्रम विशेष रूप से 12वीं वाणिज्य संकाय उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य उन्हें शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावसायिक कौशल से भी सशक्त बनाना है। प्राचार्य डॉ. राजपुरोहित ने बताया कि पाठ्यक्रम के प्रथम एवं द्वितीय वर्ष में विद्यार्थियों को कॉलेज में नियमित कक्षाओं के माध्यम से बैंकिंग, वित्त, बीमा, डिजिटल बैंकिंग, कराधान, निवेश प्रबंधन, अकाउंटिंग तथा ग्राहक सेवा जैसे विषयों का आधुनिक एवं व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया जाएगा। तृतीय वर्ष में स्टूडेंट को संबंधित बैंकिंग, वित्तीय एवं बीमा संस्थानों में अप्रेंटिसशिप (प्रशिक्षण) के लिए भेजा जाएगा। इस प्रशिक्षण अवधि के दौरान स्टूडेंट को करीब 9 हजार रुपये हर महीने भत्ता भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को संबंधित संस्थानों में स्थाई रोजगार प्राप्त करने का अवसर भी मिल सकता है।


