पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड हमला बुरहान की गुरुवार को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने हमजा पर हमला किया था जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए मुजफ्फराबाद के काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (CTD) ने हमजा की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अब्दुल्ला कमाल के रूप में हुई है और वह पाकिस्तान के वाह कैंट का रहने वाला है। अब्दुल्ला के अलावा इस हत्या में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलवामा हमले में चालीस से अधिक जवान हुए थे शहीद
साल 2019 में हुए पुलवामा आतंकी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के चालीस से अधिक जवान शहीद हुए थे। आतंकी संगठन अल-बद्र के प्रमुख हमजा बुरहान को सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से पुलवामा हमले की साजिश से जुडा मानती है। वह जैश-ए-मोहम्मद के साथ मिलकर घाटी में आतंकी गतिविधियों को संचालित करता था। भारत सरकार के गृह मंत्रालय (MHA) ने वर्ष 2022 में उसे आधिकारिक रूप से आतंकवादी घोषित किया था। वह कश्मीर के पुलवामा इलाके का रहने वाला था और आतंकी संगठनों के लिए भर्ती, लॉजिस्टिक सपोर्ट और रणनीतिक समन्वय में सक्रिय माना जाता था। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह सीमा पार बैठे नेटवर्क और घाटी में सक्रिय आतंकियों के बीच महत्वपूर्ण कडी था।
आज सुपुर्द-ए-खाक होगा हमजा
जानकारी के मुताबिक इस्लामाबाद के बर्मा टाउन स्थित फातिमा स्कूल में आज हमजा को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। मुजफ्फराबाद में गुरुवार को हमजा के दफ्तर में घुसकर अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया था। हमलावरों ने बेहद करीब से एक के बाद एक कई गोलियां हमजा पर दागी। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे जिसके बाद अब CTD ने अब्दुल्ला कमाल नामक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान अब्दुल्ला के पास से हथियार भी बरामद किए जिन्हें CTD ने जब्त कर लिया है। हालांकि इन्हीं हथियारों से हत्या को अंजाम दिया गया था या नहीं यह अभी साफ नहीं हुआ है। CTD अब्दुल्ला से फिलहाल पूछताछ कर रही है जिसके आधार पर दो अन्य संदिग्धों की तलाशी की जाएगी। यह दो आरोपी हत्या के बाद मौके से फरार हो गए थे और CTD उनकी तलाश कर रही है।


