नर्मदापुरम में एकलव्य वेयरहाउस से 4.22 करोड़ रुपए की सरकारी मूंग गायब होने के मामले में फरार मुख्य आरोपी अमित तोमर गिरफ्तार हो गया। मंगलवार को अमित तोमर ने थाने आकर खुद सरेंडर किया। दो माह से ज्यादा समय से आरोपी अमित तोमर फरार चल रहा था। आरोपी ने अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट तक में अपील की थी। हाईकोर्ट ने उसे अग्रिम जमानत नहीं दी। खारिज होने के बाद गिरफ्तारी ही अमित के पास आखिरी सहारा था, जिसके चलते मंगलवार को उसने थाने पहुंचकर गिरफ्तारी दी। अब मूंग कहां गई, किसे खपाई गई—खुलेंगे राज अमित की गिरफ्तारी के बाद अब गोदाम से मूंग को कहां और किसे खपाया गया, इस राज से पर्दा उठेगा। सरकारी मूंग घोटाले में निजी इंडस्ट्रीज, व्यापारी या किसी अधिकारी की संलिप्तता मिली तो पुलिस उससे पूछताछ करेगी। एसडीओपी संजू चौहान ने बताया कि आरोपी अमित तोमर दो माह से फरार था। उसकी तलाश में टीम इंदौर, भोपाल, यूपी लखनऊ समेत अन्य राज्यों में भी पहुंची थी। मंगलवार को वह खुद थाने पहुंचा और गिरफ्तारी दी। मामले में पूछताछ की जाएगी और पुलिस रिमांड पर भी लिया जाएगा। पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां इधर मूंग के इस कांड में एकलव्य वेयरहाउस की संचालिका आरती नरेंद्र तोमर (निवासी इंदौर) और अभय राजावत (निवासी भिंड) की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरती दो महीने से जेल में है, जिसे जमानत नहीं मिल पाई। बड़ी संख्या में गायब हुईं थी बोरियां मप्र वेयरहाउस कॉर्पोरेशन ब्रांच मैनेजर हेमंत चंदेल ने मूंग चोरी के शक में 14 फरवरी को शिकायत की थी। मामले में मप्र वेयरहाउसिंग लॉजिस्टिक कार्पोरेशन क्षेत्रीय प्रबंधक अतुल सोरटे, जिला प्रबंधक वासुदेव डवडे, तत्कालीन तहसीलदार अंकित मौर्य ने 16 फरवरी को वेयरहाउस का ताला तुड़वाकर मूंग देखी थी। जहां बड़ी मात्रा में मूंग से भरी बोरियां गायब मिली और स्टैक में रखी मूंग में मिट्टी, कचरे की मिलावट मिली थी। टीम द्वारा वेयरहाउस में रखे मूंग का स्टॉक 18 फरवरी, 19 फरवरी को चेक किया। अंतिम जांच प्रतिवेदन में एकलव्य वेयरहाउस ऑनलाइन WHR अनुसार कुल 62694 बोरी वजन 21345 कि. जमा होना दर्शित है, जबकि गोदाम का रिस्टेकिंग के बाद भौतिक सत्यापन करने पर 52795 बोरी पाई गई है। 9899 बोरी कम पाई गई है, जिसकी कीमत WHR मूल्य 4 करोड़ 22 लाख 21 हजार 710 रुपए है। गोदाम संचालिका आरती नरेंद्र तोमर, उसके रिश्तेदार अमित पिता जयसिंह तोमर और चौकीदार अमर कौल ने गोदाम में रखी मूंग की हेरा-फेरी अमानत में खयानत किया, जिसके चलते 19 फरवरी को माखननगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई। जांच माखननगर थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके कर रहे हैं। बालाजी इंडस्ट्रीज का नाम भी आया सामने माखननगर टीआई अनूप उइके ने बताया कि आरोपी अमित तोमर के साथी अभय राजावत को पिछले महीने गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने करीब 1800 क्विंटल मूंग बालाजी इंडस्ट्रीज में बेचने की बात कही थी, जिसके बदले करीब 80 लाख रुपए नगद दिए गए थे। जिसका समर्थन मूल्य 1 करोड़ 75 लाख 36 हजार रुपए की है। खरीदी में बालाजी इंडस्ट्रीज के एक कर्मचारी का नाम सामने आया, जिसके बाद वह कर्मचारी भी इंडस्ट्रीज से गायब हो गया और पुलिस उसे तलाश रही है। इंडस्ट्रीज के मालिक पंकज अग्रवाल हैं, जो जिले के एक प्रतिनिधि के बेहद करीबी बताए जाते हैं और उनका चुनाव मैनेजमेंट संभाल चुके हैं।


