लुधियाना| बापू मार्केट इलाके में मामूली विवाद ने तूल पकड़ लिया, जहां कार को नुकसान पहुंचाने की शिकायत करना ही चालक को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। पुलिस को दी शिकायत में गौरव ने बताया कि 30 अप्रैल की रात वह अपनी महिंद्रा XUV कार लेकर पिपल चौक के पास बापू मार्केट पहुंचा था और कार को एक खाली प्लॉट में खड़ा किया। इसी दौरान एक टिपर चालक ने लापरवाही से वाहन मोड़ा, जिससे कार की डिक्की और लाइटें टूट गईं। जब गौरव ने इसका विरोध किया तो आरोपी चालक ने अपने साथियों को बुलाकर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकियां दीं। जांच अधिकारी राज गोपाल के अनुसार हरदीप सिंह उर्फ लाडी और गुरदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।


