छिंदवाड़ा जिले के हर्रई थाना क्षेत्र के ग्राम साजवा में शुक्रवार को हादसा हो गया। गांव में कुएं के अंदर काम कर रहे एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार ग्राम साजवा निवासी रामेश्वर यादव (32) कुएं के भीतर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह कुएं के अंदर ही बेसुध हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उसे बाहर निकाला। परिजन और ग्रामीण युवक को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार का जिम्मेदार सदस्य था रामेश्वर युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों के अनुसार रामेश्वर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था और घर की जिम्मेदारी उसी पर थी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर हर्रई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि कुएं के भीतर दम घुटने या जहरीली गैस के कारण युवक की तबीयत बिगड़ी हो सकती है। हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।


