Who Is Cole Thomas Allen: वॉशिंगटन में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान हुई फायरिंग की घटना ने सबको चौंका दिया। अब इस मामले में संदिग्ध की पहचान भी सामने आ गई है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक आरोपी का नाम कोल टोमस एलन है, जो कैलिफोर्निया का रहने वाला 31 साल का युवक है। अमेरिकी संघीय अधिकारियों ने बताया है कि एलन पर ‘हिंसक अपराध के दौरान हथियार इस्तेमाल करने’ और ‘खतरनाक हथियार के साथ संघीय अधिकारी पर हमला करने’ जैसे गंभीर आरोप लगाए जाएंगे। यह भी सामने आया है कि वह कार्यक्रम की बाहरी सुरक्षा को पार कर अंदर तक पहुंच गया था, क्योंकि वह होटल का गेस्ट था।
कई डिग्रियां हैं उसके पास
जब कोल टोमस एलन को लेकर जानकारी जुटाई गई तो, सोशल मीडिया पर उसकी जो जानकारी मिल रही है, उससे पता चलता है कि वह पेशे से ट्यूटर था और वीडियो गेम डेवलपमेंट में भी रुचि रखता था। एक प्रोफाइल फोटो, जो मई 2025 की बताई जा रही है, में वह मास्टर्स डिग्री हासिल करते हुए नजर आता है। बताया गया है कि उसने कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स किया था और इससे पहले मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन भी कर चुका था। उसके कॉलेज के दिनों की कुछ दिलचस्प बातें भी सामने आई हैं। वह एक क्रिश्चियन स्टूडेंट ग्रुप से जुड़ा हुआ था और कैंपस में होने वाले ‘नर्फ गन’ गेम्स में हिस्सा लेता था। इसके अलावा, उसने एक ऐसा प्रोटोटाइप भी बनाया था जो व्हीलचेयर के लिए इमरजेंसी ब्रेक सिस्टम के रूप में काम कर सकता है।
राजनीतिक तौर पर भी भागीदारी
राजनीतिक तौर पर भी उसकी एक छोटी सी भागीदारी सामने आई है। रिकॉर्ड्स के अनुसार उसने 2024 में ट्रंप के विरोधी दल की उम्मीदवार कमला हैरिस (Kamala Harris) के समर्थन में एक डेमोक्रेटिक पॉलिटिकल एक्शन कमेटी को 25 डॉलर का योगदान दिया था। पिछले करीब छह साल से वह C2 एजुकेशन नाम की कंपनी में काम कर रहा था, जो छात्रों को कॉलेज एडमिशन और टेस्ट तैयारी में मदद करती है। कंपनी ने उसे 2024 में ‘टीचर ऑफ द मंथ’ भी चुना था। इसके अलावा वह एक वीडियो गेम भी बना रहा था, जो साइंस और स्पेस कॉम्बैट थीम पर आधारित बताया जा रहा है।
घटना पर डोनाल्ड ट्रंप ने क्या?
घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर आरोपी की तस्वीर शेयर की, जिसमें वह जमीन पर गिरा हुआ और हाथ बंधे हुए नजर आ रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने बताया कि आरोपी कई हथियारों से लैस था और सुरक्षा जांच के दौरान अचानक आगे बढ़ा, लेकिन सीक्रेट सर्विस के जवानों ने उसे तुरंत काबू कर लिया। उन्होंने यह भी बताया कि एक अधिकारी को गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से उसकी जान बच गई। ट्रंप ने आरोपी को ‘मानसिक रूप से बीमार’ बताया और कहा कि इस तरह की घटनाओं की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और कड़ी की जाएगी।


