Aashiqui 2 Anniversary: बॉलीवुड में म्यूजिकल फिल्मों की जब भी बात होती है, तो ‘आशिकी 2’ का नाम जरूर लिया जाता है। साल 2013 में रिलीज हुई इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया, बल्कि संगीत के जरिए लोगों के दिलों में एक अलग जगह बना ली। दिलचस्प बात यह है कि ये फिल्म 90 के दशक की सुपरहिट ‘आशिकी’ से प्रेरित थी।
कम बजट में बड़ी सफलता (Aashiqui 2 Anniversary)
करीब 12 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘आशिकी 2’ ने रिलीज के बाद सभी को चौंका दिया। फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 109 करोड़ रुपये की कमाई कर यह साबित कर दिया कि अच्छी कहानी और दमदार म्यूजिक के दम पर कम बजट की फिल्म भी बड़ी हिट बन सकती है।
उस दौर में जब एक्शन और मसाला फिल्मों का बोलबाला था, तब इस रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म ने एक नया ट्रेंड शुरू किया और दर्शकों को भावनात्मक कहानी से जोड़ा।
स्टारकास्ट ने जीता दिल (Aashiqui 2 Anniversary)
फिल्म में आदित्य रॉय कपूर और श्रद्धा कपूर की जोड़ी को दर्शकों ने खूब सराहा। आदित्य ने एक संघर्ष करता हुआ और टूट चुके सिंगर का किरदार निभाया, जबकि श्रद्धा कपूर एक उभरती हुई गायिका के रोल में नजर आईं।
दोनों के बीच की केमिस्ट्री, प्यार और संघर्ष की कहानी ने दर्शकों को भावुक कर दिया। फिल्म का निर्देशन मोहित सूरी ने किया, जिन्होंने कहानी को बेहद संवेदनशील अंदाज में पेश किया।
गानों ने बनाया अमर
‘आशिकी 2’ की असली ताकत उसका संगीत रहा। फिल्म के गाने आज भी लोगों की प्लेलिस्ट का अहम हिस्सा हैं। खासतौर पर ‘तुम ही हो’ गाने ने ऐसा जादू किया कि हर तरफ यही गीत सुनाई देने लगा।
इस गाने को आवाज देने वाले अरिजीत सिंह रातोंरात स्टार बन गए। इसके अलावा ‘सुन रहा है ना तू’ और ‘चाहूं मैं या ना’ जैसे गानों ने भी फिल्म को सुपरहिट बनाने में अहम भूमिका निभाई।
आज भी कायम है क्रेज
रिलीज के 13 साल बाद भी ‘आशिकी 2’ का जादू बरकरार है। ये फिल्म आज भी उन चुनिंदा फिल्मों में गिनी जाती है, जिन्होंने कम बजट में शानदार कमाई कर इंडस्ट्री को नई दिशा दी।


